“बैंक चाहिए तो पहले तंबाकू छोड़ो!” सिंधिया की शर्त पर युवक ने मंच से ली कसम, गूंज उठीं तालियां

  • Share on :

(बामौर कलां में तहसील भवन के लोकार्पण कार्यक्रम का दिलचस्प वाकया, बैंक शाखा की मांग पर केंद्रीय मंत्री ने अपने अंदाज में दिया जवाब)
अतुल जैन 
बामौर कलां। शिवपुरी जिले के पिछोर विधानसभा क्षेत्र के बामौर कलां में नवनिर्मित तहसील भवन के लोकार्पण समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। कार्यक्रम में जब ग्रामीण अपनी समस्याएं और क्षेत्र की मांगें केंद्रीय मंत्री के सामने रख रहे थे, तभी एक युवक ने क्षेत्र में राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोलने की मांग रखी। युवक ने बताया कि बैंकिंग सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण आसपास के ग्रामीणों को अपने बैंक संबंधी कार्यों के लिए दूर जाना पड़ता है।
युवक की मांग सुनते ही सिंधिया ने मुस्कुराते हुए ऐसा जवाब दिया कि पूरा माहौल ही बदल गया। उन्होंने युवक से कहा कि बैंक की सुविधा के लिए प्रयास किया जाएगा, लेकिन पहले तंबाकू छोड़ने की कसम खानी होगी।

(सिंधिया ने कहा—पहले ये संकल्प लो)
केंद्रीय मंत्री ने युवक को सभी के सामने तंबाकू छोड़ने का संकल्प लेने के लिए कहा। उन्होंने स्पष्ट अंदाज में कहा कि आज के बाद तंबाकू का सेवन नहीं करना है। युवक ने भी केंद्रीय मंत्री की बात स्वीकार करते हुए सभी के सामने तंबाकू छोड़ने की शपथ ली।
जैसे ही युवक ने तंबाकू छोड़ने का संकल्प लिया, कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मौजूद लोगों ने सिंधिया के इस अंदाज का जमकर स्वागत किया।

(मांग भी सुनी, साथ में दिया स्वास्थ्य का संदेश)
सिंधिया के इस पूरे संवाद को सिर्फ मजाकिया अंदाज में ही नहीं देखा गया, बल्कि उन्होंने ग्रामीणों के बीच नशा मुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश भी दिया। एक ओर उन्होंने युवक की बैंक शाखा की मांग को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक प्रयास का भरोसा दिया, वहीं दूसरी ओर तंबाकू छोड़ने का संकल्प दिलाकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

(बामौर कलां कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल)
तहसील भवन के लोकार्पण समारोह के दौरान हुआ यह पूरा घटनाक्रम अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है। सिंधिया का युवक से संवाद, तंबाकू छोड़ने की शपथ और इसके बाद बजती तालियों का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
बामौर कलां में विकास की मांग लेकर पहुंचे युवक को सिंधिया ने एक ऐसा संकल्प दिलाया, जो बैंक की मांग से कहीं आगे स्वास्थ्य और नशामुक्ति का संदेश दे गया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper