भीषण गर्मी को देखते हुए केंद्र ने राज्यों को किया अलर्ट, मौसम विभाग ने 12 राज्यों में हीटवेव की चेतावनी की जारी

  • Share on :

नई दिल्ली। भीषण गर्मी को देखते हुए केंद्र ने राज्यों को अलर्ट जारी करते हुए प्रत्येक अस्पताल में हीट स्ट्रोक चिकित्सा प्रबंधन के इंतजाम पूरे करने का निर्देश दिया है। तापमान बढ़ने पर अक्सर आगजनी की घटनाओं में भी इजाफा होता है। ऐसे में केंद्र सरकार ने सभी अस्पतालों में अग्निशमन सुरक्षा उपायों की समीक्षा करने के लिए भी कहा है। अगले कुछ दिन में देश के अधिकांश हिस्से अत्यधिक गर्मी की चपेट में आ सकते हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने राज्यों से कहा है कि गर्मी और हीट वेव को लेकर देश के वरिष्ठ नागरिक अति संवेदनशील हैं। ऐसे में यह बताना जरूरी है कि बिना श्रम किए भी ये बुजुर्ग गर्मी की चपेट में आ सकते हैं क्योंकि उनका शरीर तेजी से बढ़ते तापमान को झेल नहीं पाता है।
मौसम विभाग की चेतावनी
इसके साथ ही मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत 12 राज्यों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई राज्यों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ने की आशंका जताई गई है। राजस्थान के 2 जिलों में शुक्रवार को लू का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, मध्य प्रदेश के 21 जिलों में हीटवेव यानी लू चलने की संभावना जताई है।
उधर, छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भी लू का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 3 दिनों तक दिन के तापमान में विशेष बदलाव होने के आसार नहीं है। वहीं, मौसम विभाग ने केरल, तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश सहित 12 राज्यों में आज बारिश की संभावना जताई है। अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 27 अप्रैल तक भारी बारिश का अलर्ट है।
साभार अमर उजाला 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper