चक्रवाती तूफान 'तेज' की बढ़ती रफ्तार, 62-88 किमी प्रति घंटे की हो सकती है हवा की रफ्तार

  • Share on :

नई दिल्ली। अरब सागर के ऊपर दबाव का ऐसा क्षेत्र विकसित हुआ है जिसके आज चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी। इस साल अरब सागर में यह दूसरा चक्रवाती तूफान होगा। हिंद महासागर क्षेत्र में चक्रवातों के नामकरण के लिए अपनाए गए फॉर्मूले के अनुसार इसे 'तेज' कहा जाएगा। आईएमडी के अनुसार, चक्रवाती तूफान के रविवार को गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने और ओमान के दक्षिणी तटों व पास के यमन की ओर बढ़ने का अनुमान है। हालाकि, मौसम विज्ञानियों ने चेताया कि कभी-कभी तूफान अनुमान पथ से भटक सकते हैं, जैसा कि चक्रवात 'बिपरजॉय' के मामले में देखा गया था। बिपरजॉय जून में अरब सागर में बना था और शुरू में उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने के बाद गुजरात में मांडवी और पाकिस्तान में कराची की तरफ गुजरा था।
मौसम का पूर्वानुमान जताने वाली निजी एजेंसी 'स्काईमेट वेदर' ने कहा कि अधिकांश मॉडल संकेत देते हैं कि तूफान यमन-ओमान तट की ओर बढ़ रहा है। हालाकि, वैश्विक पूर्वानुमान तंत्र मॉडल इसके अरब सागर के गहरे मध्य भागों में स्थित होने का सुझाव देते हैं, जिससे यह प्रणाली पाकिस्तान और गुजरात तट की ओर जा सकती है। भारत को लेकर IMD ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी पर कम दबाव का क्षेत्र 22 अक्टूबर के आसपास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी पर एक गहरे दबाव में बदल सकता है। चक्रवाती तूफान के दौरान हवा की रफ्तार 62-88 किमी प्रति घंटे की होती है, जबकि हवा की गति 89-117 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने पर इसे गंभीर चक्रवाती तूफान कहा जाता है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper