भारत को मिली बड़ी कूटनीतिक राहत: 2019 के बाद फिर शुरू हुई ईरानी तेल की आमद
नई दिल्ली। भारत को 2019 के बाद ईरान से कच्चे तेल की पहली खेप मिलने वाली है। जहाज ट्रैकिंग डाटा के अनुसार, ईरान के खार्ग द्वीप से छह लाख बैरल कच्चा तेल लेकर अफ्रामैक्स पिंग शुन जहाज गुजरात के वडीनार बंदरगाह की ओर आ रहा है। इसके चार अप्रैल तक पहुंचने की संभावना है।
अमेरिका ने 2019 में ईरानी तेल पर प्रतिबंध लगा दिया था। पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण तेल की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए उसने इस प्रतिबंध को 30 दिनों के लिए हटाया है, जो 19 अप्रैल को खत्म होगा। बताया जा रहा है कि कई भारतीय रिफाइनरियों ने ईरान के साथ सौदा भी किया है। सूत्रों ने बताया कि समुद्र में जहाजों पर कुल 9.5 करोड़ बैरल ईरानी तेल मौजूद है। इसमें से भारत को 5.1 करोड़ बैरल भारत को बेचा जा सकता है।
भारत के तरल ईंधन के आरक्षित भंडार केवल 20 से 40 दिनों की जरूरतों को पूरा कर सकते हैं। दिल्ली में पीएचडीसीसीआई के हाइड्रोकार्बन शिखर सम्मेलन में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड के सचिव अंजन कुमार मिश्रा ने कहा, हमारे पास तरल ईंधन का कुछ भंडार है, पर हम ऐसा भंडार नहीं बना सकते जो 6 माह चले। उन्होंने कहा, वैश्विक तनाव के बावजूद देश में जीवाश्म ईंधन की कोई कमी नहीं है। कुछ घबराहट है, पर तरल ईंधन की कमी नहीं है।
साभार अमर उजाला

