कटाई के वक्त बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की फसल तबाह

  • Share on :

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में 14 मार्च के बाद से ही मौसम बदला हुआ है। बीते दो सप्ताह में कई राउंड की बारिश हो चुकी है और इसके चलते शहरों में भले ही लोग कूल मौसम से राहत महसूस कर रहे हैं, लेकिन खेती-किसानी करने वालों के लिए यह बड़ी आफत है। इस बारिश ने गेहूं की फसल को हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में भारी नुकसान पहुंचाया है। हालात यह हैं कि हरियाणा और पंजाब में किसान सड़कों पर उतरकर मुआवजे की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा यूपी में तो सर्वे कराए जा रहे हैं ताकि लोगों को उनकी बर्बाद हुई फसल का मुआवजा दिया जा सके।
इसी बीच मंगलवार को फिर से हुई बारिश ने दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में नुकसान पहुंचाया है। हरियाणा और पश्चिम यूपी के कई जिलों में भारी बारिश हुई है, इससे गेंहू की फसल को बड़ा नुकसान हुआ है। यह बारिश ऐसे समय में हुई है, जब ज्यादातर इलाकों में फसल की कटाई चल रही है या फिर गेहूं कटकर खेतों में या खुले स्थान पर पड़ा है। हरियाणा में मंगलवार को हिसार में अधिकतम 7.8 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा चरखी दादरी, रोहतक, पलवल, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, सोनीपत समेत कई जिलों में जमकर बारिश हुई है। मंगलवार की बारिश में तो कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई है।
वहीं पंजाब की बात करें तो फिरोजपुर, मुक्तसर, फाजिल्का में भी बारिश हुई है। हिमाचल और उसके आसपास के इलाकों में बारिश भी लगातार जारी है। दरअसल गेहूं की अच्छी फसल के लिए माना जाता है कि कटाई के लायक फसल होने से पहले गर्मी यदि बढ़ जाए तो उससे लाभ होता है। लेकिन बारिश होने से नुकसान हो रहा है और जहां तापमान कम है। वहीं भी नुकसान की स्थिति है। हरियाणा और पंजाब के किसानों के लिए चिंता की बात यह भी है कि 3 और 4 अप्रैल को बारिश का एक और दौर आ सकता है।
वहीं उत्तर प्रदेश की बात करें तो सरकार ने भी माना है कि अब तक 21 जिले बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। फिलहाल सर्वे कराए जा रहे हैं और किसानों को राहत राशि भी वितरित होने लगी है। लखनऊ के आसपास के अवध के जिलों में भी फसलों को नुकसान पहुंचा है। वहीं चित्रकूट मंडल, प्रयागराज मंडल और पश्चिम उत्तर प्रदेश के मेरठ और सहारनपुर मंडल के जिलों में भी फसलों को बड़ा नुकसान पहुंचा है। ऐसी ही खबरें मध्य प्रदेश के भी कई जिलों से आई हैं। किसानों से लेकर सरकार तक की चिंता इस बारिश ने बढ़ा दी है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper