नवरात्रि एवं दशहरा पर्व की सुरक्षा को लेकर देर रात बाइक से शहर भ्रमण पर निकले एसपी विदिशा, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

  • Share on :

धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
गरबा स्थलों पर पहुंचकर नशे से दूर रहने एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने की अपील नवरात्रि एवं आगामी दशहरा पर्व को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने देर रात्रि हेलमेट पहनकर एवं यातायात नियमों का पालन करते हुए बाइक से विदिशा शहर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख क्षेत्रों एवं आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने नीमताल, शहनाई गार्डन–एकलव्य, सम्राट गार्डन–महाकाल, माधवगंज, अरिहंत विहार, रामलीला एवं ईदगाह चौराहा सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने गरबा स्थलों पर पहुंचकर नागरिकों एवं आयोजनों में शामिल लोगों को नशे से दूर रहने तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी देते हुए अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी संदेश एवं ऑनलाइन ठगी के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने आमजन से जागरूक रहकर स्वयं सुरक्षित रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया।भ्रमण के दौरान थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक आनंद राज, यातायात थाना प्रभारी आशीष राय, उपनिरीक्षक रणवीर सिंह सहित थाना कोतवाली का पुलिस बल उपस्थित रहा।
नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। नशे से दूर रहें, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित नागरिक होने का परिचय दें।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper