इंदौर को नए साल में मिलेगी मेट्रो, ब्रिज और नए बस स्टैंडों की सौगात

  • Share on :

इंदौर। चुनावी साल होने के बावजूद इंदौर के खाते में ज्यादा सौगातें नहीं आई,क्योकि ज्यादातर काम इसी साल शुरू हुए थे। अब नए साल में वे काम पूरे होंगे और शहर को मेट्रो के 17 किलोमीटर के संचालन के अलावा ब्रिज और बस स्टेशनों की सौगात मिलेगी। नए साल में इंदौर में और भी नए काम शुरू हो सकते है, क्योंकि चार साल बाद उज्जैन में सिंहस्थ मेला लगेगा।
इस साल मेट्रो का ट्रायल रन गांधी नगर डिपो से पहले स्टेशन तक हुआ, लेकिन नए साल में ट्रायल रन 17 किलोमीटर का होगा और यहां तक मेट्रा का संचालन भी शुरू हो सकता है। एमआर 10 ब्रिज के रेडिसन चौराहा तक मेट्रो के बचे काम को पूरा किया जा रहा है। फिलहाल मध्य हिस्से का काम शुरू नहीं हुआ है। यहां सर्वे हो चुका है।
शहर में चार नए ब्रिज बन रहे है। सालभर में तीन ब्रिजों का निर्माण पूरा हो सकता है। सबसे पहले खजराना ब्रिज तैयार होगा। यहां का काम तेजी से चल रहा है। इस ब्रिज पर 50 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा रही है।
इसके अलावा भंवरकुआं, हवा बंगला ब्रिज का काम भी तेजी से जारी है। लवकुश चौराहे पर डबल डेकर ब्रिज बनाया जा रहा है। इस चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव ज्यादा रहता है। डबल डेकर ब्रिजों के निर्माण में सालभर से ज्यादा का समय लग सकता है। आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा का कहना है कि चारों प्रोजेक्ट का काम तेज गति से चल रहा है। सालभर में चारों ब्रिज इंदौर के ट्रैफिक को आसान करने के लिए मददगार साबित होंगे।
इंदौर में मुंडला नायता और कुर्मेडी में दो नए बस स्टेशन बनकर तैयार हो रहे है। दोनों का काम 80 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। इनके संचालन से महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान की तरफ से अाने वाली बसों का आवागमन शहर के मध्य हिस्से में नहीं होगा। दोनो बस स्टेशनों में दो हजार से ज्यादा बसों के संचालन की क्षमता है। स्टेशनों के संचालन से दोनो क्षेत्रों में भी व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ेगी। नए होटल, लॉज, रेस्त्रां यहां खुल सकेंगे।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper