जन विश्वास अभियान: आधुनिक कृषि नवाचारों का मॉडल बना मन्नी मोड़ का फार्म हाउस
कलेक्टर, एसपी और जिला पंचायत सीईओ ने किया 15 एकड़ क्षेत्र में समग्र कृषि का निरीक्षण
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी । मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा नवाचारों, जनहितकारी गतिविधियों और बेहतर कार्यों का मैदानी अवलोकन किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने कटनी-बिलहरी रोड स्थित मन्नी मोड़ के समीप प्रगतिशील किसान सुकीर्ति जैन के लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में विकसित फार्म हाउस का निरीक्षण किया।
फार्म हाउस में अमरूद, केला, गुलाब ,सहजन,और आंवला, मूसली ,चिया सहित वर्मी कंपोस्ट,सोलर प्लेट विभिन्न फसलों की समग्र एवं विविधतापूर्ण कृषि का उल्लेखनीय उदाहरण देखने को मिला। यहां पारंपरिक कृषि पद्धतियों के साथ आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक विधियों तथा कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नए नवाचारों को अपनाकर खेती को अधिक उत्पादक और लाभदायक बनाने का प्रयास किया गया है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न फसलों के उत्पादन, कृषि प्रबंधन और अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों की जानकारी ली। फार्म हाउस में फसल विविधीकरण और नवाचार आधारित खेती के माध्यम से कम क्षेत्र में बेहतर उत्पादन तथा किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया गया है।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि कृषि में आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों का समावेश किसानों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर अधिक लाभकारी, टिकाऊ और नवाचार आधारित कृषि की दिशा में प्रेरित कर सकता है। ऐसे सफल प्रयोग अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायी मॉडल बन सकते हैं।

