दीपावली पर्व को लेकर झाबुआ पुलिस अलर्ट  पटाखा दुकानों एवं यातायात व्यवस्था का किया निरीक्षण

  • Share on :

फीड :- झाबुआ

रिपोर्टर :- सलीम हुसैन 

सुरक्षा मानकों, पटाखा दुकानों के लाइसेंस एवं यातायात व्यवस्था का लिया जायजा, दुकानदारों और नागरिकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत आम नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा एवं जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में पटाखा दुकानों एवं यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक  देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पटाखा दुकानों की सघन जांच की गई। इस दौरान दुकानों के लाइसेंस, विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित भंडारण एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही कार्बाइड गन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी गई।

इसी क्रम में बाजार क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया। ठेला चालकों, दुकानदारों एवं नागरिकों को सड़क पर अतिक्रमण एवं अव्यवस्था नहीं फैलाने तथा यातायात सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की समझाइश दी गई। त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है।

झाबुआ पुलिस की आमजन से अपील

समस्त नागरिक दीपावली का पर्व शांति, सौहार्द एवं सुरक्षित वातावरण में मनाएं। पटाखों का उपयोग सावधानीपूर्वक करें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल 112 पर दें।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper