जनसुनवाई में दिखी संवेदनशील शासन व्यवस्था की मिसाल, किडनी इलाज से स्वस्थ बालक ने किया आभार व्यक्त

  • Share on :

जनसुनवाई से किसी को इलाज, किसी को मकान के लिये मिली मदद
इन्दौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संवेदनशील एवं लोककल्याणकारी शासन व्यवस्था को साकार करने के उद्देश्य से प्रति मंगलवार की तरह इस मंगलवार भी कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। आयोजित जनसुनवाई में आज एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब जनसुनवाई से लाभान्वित एक बालक अपनी दोनों किडनी के सफल इलाज के बाद आभार व्यक्त करने कलेक्टर कार्यालय पहुंचा।

                बालक अपने पिता के साथ जनसुनवाई में उपस्थित हुआ और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा उपलब्ध कराई जा रही जनहितकारी व्यवस्थाओं तथा कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की संवेदनशीलता के प्रति आभार व्यक्त किया।

                बालक के पिता रफीक शाह ने बताया कि उनके पुत्र तैयब की दोनों किडनी खराब हो गई थीं। इलाज के लिए समुचित चिकित्सीय व्यवस्था सुनिश्चित की गई। अस्पताल में उसकी बीमारी की जांच, इलाज से लेकर खान-पान तक हर तरह की सुविधा उपलब्ध कराई गई। महंगे से महंगे इंजेक्शन भी लगवाए गए। इलाज से संबंधित यह पूरा खर्च रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से वहन किया गया।

                स्वस्थ होने के बाद बालक तैयब ने अपनी बचत राशि से कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के लिए बिस्कुट का पैकेट खरीदा और आज जनसुनवाई में उन्हें भेंट कर आभार व्यक्त किया। इस दौरान बालक के पिता ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया।             

                जनसुनवाई के दौरान दिव्यांग दंपत्ति श्याम पटेल और उनकी पत्नी सरस्वती पटेल को आवास की सौगात मिली। दिव्यांग श्री श्याम पटेल, जो ई-ऑटो रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, ने बताया कि उनका सपना अपना खुद का घर बनाने का था। इसी उद्देश्य से वे जनसुनवाई में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा से मिले। कलेक्टर श्री वर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उनका आवास स्वीकृत करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही बताया गया कि बुकिंग राशि शासन द्वारा वहन की जाएगी, जबकि शेष राशि हितग्राही को किस्तों में जमा करना होगी। श्याम पटेल ने अपनी बचत से नियमित किस्त जमा करने की बात कही तथा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।

                जनसुनवाई में एक अन्य प्रकरण में पीड़ित राजू थोरात अपने हाथ के उपचार के बाद कलेक्टर का धन्यवाद ज्ञापित करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की बेहतर शासन व्यवस्था के कारण आम लोगों की सुनवाई हो रही है और उन्हें समय पर इलाज मिल रहा है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने उनका हाथ पूरी तरह ठीक होने के बाद कृत्रिम हाथ लगाने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए।

      इसी क्रम में श्रीमती पूजा वोहरा भी अपने पति के सफल उपचार के बाद जनसुनवाई में आभार व्यक्त करने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि उनके पति के हृदय रोग का उपचार शासन-प्रशासन की मदद से संभव हो पाया और अब उनकी स्थिति काफी बेहतर है। उन्हें आश्वस्त किया गया कि आगे भी आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

      जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पंवार, श्रीमती निशा डामोर, श्री रोशन राय, श्री रिकेश वेश्य सहित अन्य अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याओं को सुनकर हाथो-हाथ निराकरण किया। ऐसी समस्या जो निराकृत नहीं की जा सकती थी उनकी समय-सीमा तय कर निराकृत की जायेगी।

                जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन द्वारा जरूरतमंदों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर राहत प्रदान की जा रही है, जिससे आमजन में शासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो रहा है।यह जनसुनवाई व्यवस्था की प्रभावशीलता और संवेदनशील प्रशासन की कार्यशैली का जीवंत उदाहरण है, जिससे जरूरतमंदों को त्वरित राहत और सहायता मिल रही है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper