लायंस क्लब गंजबासौदा द्वारा स्कूल ऑफ लिटिल फ्लॉवर्स में पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
लायंस क्लब गंजबासौदा द्वारा स्कूल ऑफ लिटिल फ्लॉवर्स हाई स्कूल, तिरंगा चौक में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कला एवं कल्पनाशीलता का सुंदर प्रदर्शन करते हुए एक से बढ़कर एक आकर्षक पेंटिंग बनाई।प्रतियोगिता के दौरान बच्चों की कलाकृतियों ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। लायंस क्लब के सभी सदस्यों द्वारा प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।इस अवसर पर लायंस क्लब के सदस्यों द्वारा विद्यालय के डायरेक्टर बृजेश राठौर एवं प्राचार्य छवि राठौर का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में लायंस क्लब अध्यक्ष नीलम रघुवंशी, ललित रघुवंशी, कोषाध्यक्ष निक्की गोयल, विनीता गोयल, विजय अरोरा, आशा अग्रवाल, विमलेश माथुर एवं रवींद्र रघुवंशी सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
विद्यालय के डायरेक्टर बृजेश राठौर ने लायंस क्लब गंजबासौदा के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का विद्यालय में पधारकर बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा विद्यालय परिवार को सम्मान देने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
लायंस क्लब की अध्यक्ष नीलम ललित रघुवंशी ने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक प्रतियोगिताएं बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और उनकी कल्पनाशीलता को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

