महाराष्ट्र: एनसीपी के विलय और विधायकों के टूटने की अटकलों के बीच सीएम देवेंद्र फडणवीस से मिले सुनील तटकरे व धनंजय मुंडे

  • Share on :

नई दिल्ली। NCP यानी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के 20 से ज्यादा विधायकों के टूटने की अटकलें हैं। इसी बीच खबर है कि पार्टी के दो बड़े नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की है। खास बात है कि यह मीटिंग ऐसे समय पर हुई है, जब एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की चर्चाएं चल रहीं हैं। साथ ही फडणवीस ने कहा था कि बगैर भारतीय जनता पार्टी से बातचीत के बगैर विलय नहीं हो सकेगा।
महाराष्ट्र में एनसीपी की अगुवाई कर रहे सांसद सुनील तटकरे सीएम देवेंद्र फडणवीस से मिलने पहुंचे थे। खबर है कि उनके साथ धनंजय मुंडे भी मीटिंग के लिए गए थे। हालांकि, बैठक के दौरान किन मुद्दों पर बात हुई, यह अब तक साफ नहीं हो सका है। खास बात है कि तटकरे एक दिन पहले ही उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से भी मिले थे।
खास बात है कि इस समय दो मुद्दे महाराष्ट्र की राजनीति में तूल पकड़ रहे हैं। पहला इनमें एनसीपी का विलय और दूसरा वित्त मंत्रालय की मांग है। फिलहाल, यह मंत्रालय मुख्यमंत्री के पास है और इससे पहले दिवंगत अजित पवार के पास था। अब एनसीपी की तरफ से वित्त मंत्रालय की मांग की जा रही है, जिसपर अंतिम फैसला अब तक नहीं लिया गया है।
एक ओर जहां तटकरे और मुंडे ने फडणवीस से मुलाकात की है। वहीं, इससे पहले तटकरे कटेवाड़ी स्थित पवार परिवार के आवास पहुंचे थे। खबर है कि यहां उन्होंने सुनेत्रा पवार, सांसद पार्थ पवार और पवार परिवार के अन्य सदस्यों के साथ लगभग 40 से 45 मिनट तक विस्तार से चर्चा की। इस लंबी बैठक के दौरान चर्चा किन मुद्दे पर हुई है, साफ नहीं हुआ है।
इससे पहले पार्टी के शीर्ष नेताओं में शामिल प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल समेत कई नेता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिले थे। बाद में अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान शरद पवार से मिलने प्रफुल्ल पटेल पहुंचे थे। तब सामने आया था कि शरद पवार ने 10 तारीख के बाद पटेल से बातचीत करने के लिए कहा है। फिलहाल, बैठक को लेकर लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले की ओर से कुछ नहीं कहा गया है।
शिवसेना उद्धव बालासाहब ठाकरे नेता संजय राउत का कहना है कि 20 से 22 विधायक एनसीपी का साथ छोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा, 'सुनेत्रा पवार की पार्टी के 20 से 22 विधायक कभी भी अलग हो सकते हैं... अगर वे अपने मूल घर (शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा) में लौटते हैं, तो यह विलय नहीं कहलाएगा। या फिर वे चुनावों से पहले किसी अन्य पार्टी में शामिल हो सकते हैं।'
साभार लाइव हिन्दुस्तान 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper