गैस कटर से सिलेंडर काटते समय बड़ा हादसा: इंदौर में गैस रिसाव से महिलाओं को लगी ऑक्सीजन

  • Share on :

इंदौर। इंदौर के रावजी बाजार क्षेत्र में गुरुवार रात अमोनिया गैस के रिसाव ने लोगों को असहज स्थिति में ला दिया। किसी की आंखों में आंसू निकले तो किसी को सांस लेने में तकलीफ हुई। जो लोग कबाड़ी की दुकान के आसपास रहते थे, वे ज्यादा परेशान हुए और पांच लोगों की तबीयत ज्यादा बिगड़ी। मौके पर फायर ब्रिगेड ने सिलेंडर से गैस का रिसाव रोका। इसके बाद स्थिति सामान्य हो पाई।
सिलेंडर को पानी से भरी कोठी में डाला दुकान से सिलेंडर को निकालकर फायर ब्रिगेडकर्मियों ने पानी की कोठी में डाला, ताकि वह वातावरण में न फैले। पुलिस ने इस मामले में दुकानदार शहजाद को गिरफ्तार किया है। वह ही गैस कटर से सिलेंडर काट रहा था और गैस फैलने पर दुकान से भाग गया। उसे राज चोपड़ा नामक व्यक्ति ने पीले रंग का सिलेंडर बेचा था। पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले लिया है। इस सिलेंडर का उपयोग एक कारखाने में होता है और वहां से युवक सिलेंडर को बेचने के लिए लाया था।
ऑक्सीजन लगाकर बचाई महिला की जान इस घटना में सबसे ज्यादा परेशानी 50 वर्षीय परवीन नामक महिला को हुई। उन्हें सांस लेने में परेशानी आ रही थी। उन्हें ऑक्सीजन लगाई गई। इसके अलावा फलक और फरीदा नामक महिला सहित पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया।
अमोनिया एक तीखी गंध वाली गैस है, जो हवा से हल्की होती है। इसका उपयोग उद्योगों में किया जाता है, लेकिन इसका रिसाव मानव स्वास्थ्य के लिए खतरनाक माना जाता है। इसके संपर्क में आने पर आंखों में जलन, सांस लेने में तकलीफ, जी मचलना, उल्टी आने जैसे लक्षण सामने आते हैं। गीली त्वचा के संपर्क में आने पर यह तेज जलन और केमिकल बर्न का काम करती है। ज्यादा मात्रा में इसके सेवन पर यह जानलेवा भी साबित हो सकती है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper