करैरा में अवैध मदिरा के विरुद्ध बड़ी कार्रवाईः 45 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त, 6,500 किलो लहान नष्ट, 4 प्रकरण दर्ज
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार आबकारी विभाग की टीम द्वारा चलाया गया सघन अभियान
शिवपुरी जिला ब्यूरो हेमंत भार्गव
शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार शिवपुरी जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु आबकारी विभाग द्वारा वृत्त करैरा में सघन छापामार अभियान चलाया गया। जिला आबकारी अधिकारी श्री शुभम दांगोड़े एवं वृत्त प्रभारी श्री तीर्थराज भारद्वाज के नेतृत्व में आबकारी टीम ने करैरा क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर 45 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त की और 6,500 किलो गुड़ लहान मौके पर नष्ट किया।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों की दुखद घटना के मद्देनज़र शिवपुरी जिले में इस प्रकार की किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा एवं आबकारी उपायुक्त के स्पष्ट निर्देशों पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत आम जनता से प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं के आधार पर संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग और निगरानी निरंतर जारी है।
अभियान के दौरान टीम ने फतेहपुर कंजर डेरे पर दबिश देकर शराब और लहान जब्त कर नष्ट करने की कार्रवाई की। वहीं मंगला माता मंदिर के पास अवैध शराब बेचते हुए आरोपी प्रार्थना कंजर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त अनुविभागीय दण्डाधिकारी करैरा श्री अनुपम शर्मा के नेतृत्व में अशोक होटल पहाड़ी पर छापामार कार्रवाई कर 1 प्रकरण दर्ज किया गया। इस प्रकार आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 4 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
उक्त संपूर्ण कार्रवाई में वृत्त प्रभारी डॉ. तीर्थराज भारद्वाज, उपनिरीक्षक राहुल गुप्ता, बृजराज शर्मा, लौकेश बेवारिया तथा आबकारी की अन्य टीम मौजूद रही।
जिला आबकारी अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नशीले पदार्थों और अवैध शराब के विरुद्ध इस प्रकार का चेकिंग अभियान और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध कारोबार में लिप्त दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि जिले में अवैध मदिरा के संचालन पर रोक लगाई जा सके।

