महापौर एवं कलेक्टर द्वारा गैर मार्ग का निरीक्षण
रंगपंचमी पर निकलने वाली गैर यात्रा गैरों को अपना बनाने की गौरवशाली परम्परा है- महापौर
इन्दौर । रंगपंचमी के अवसर पर निकलने वाली ऐतिहासिक एवं भव्य गैर यात्रा की तैयारियों के उद्देश्य से आज महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा एवं पुलिस कमिश्नर श्री संतोष सिंह द्वारा गौरा कुण्ड चौराहे से राजबाड़ा तक संपूर्ण गैर मार्ग का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महापौर परिषद सदस्य श्री राजेश उदावत, श्री राकेश जैन, श्री मनीष शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर की गौरवशाली परम्परा का प्रतीक रंगपंचमी पर निकलने वाली गैर यात्रा है, जिसमें प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में शहर, प्रदेश एवं अन्य राज्यों से नागरिक शामिल होते हैं। इस भव्य आयोजन के सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन, सुरक्षा, स्वच्छता तथा यातायात प्रबंधन को दृष्टिगत रखते हुए संपूर्ण गैर मार्ग का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया।
उन्होंने निर्देश दिए कि जहां-जहां मेट्रो अथवा अन्य निर्माण कार्य प्रगति पर हैं, वहां पर सुदृढ़ एवं सुरक्षित बैरिकेडिंग की जाए। साथ ही मार्ग पर अनावश्यक वायर एवं केबल को तत्काल हटाया जाए तथा आवश्यकतानुसार सड़क पर पेचवर्क कार्य पूर्ण किया जाए। यदि मार्ग पर कोई जर्जर अथवा खतरनाक भवन चिन्हित होता है तो उस पर सूचना बोर्ड लगाने एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
वाहनों की फिटनेस व सुरक्षा पर विशेष जोर
महापौर श्री भार्गव ने कहा कि रंगपंचमी की गैर यात्रा ‘गैरों को अपना बनाने’ की परंपरा का प्रतीक है। इस आयोजन में शामिल होने वाले वाहनों की फिटनेस जांच अनिवार्य रूप से की जाए। प्रत्येक वाहन के साथ अतिरिक्त चालक रखने, ब्रेक, स्टेयरिंग एवं अन्य तकनीकी मानकों की जांच करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। साथ ही मार्ग की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए गए।
स्वच्छता अभियान रहेगा प्राथमिकता
महापौर ने स्पष्ट किया कि गैर यात्रा के पश्चात इंदौर की स्वच्छता को यथावत बनाए रखना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों को पर्याप्त संसाधनों के साथ विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आयोजन के तुरंत बाद मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जा सके।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि इंदौर की परंपरानुसार रंगपंचमी पर निकलने वाली गैर यात्रा का सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए गैर मार्ग एवं संपर्क मार्गों पर आवश्यक पेचवर्क कार्य, अनावश्यक वायर-केबल एवं विज्ञापन बोर्ड हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही संपूर्ण गैर मार्ग एवं प्रमुख संपर्क मार्गों पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने, मंच व्यवस्थाओं के सुव्यवस्थित संचालन, गैर में शामिल वाहनों की अनिवार्य फिटनेस जांच, यात्रा मार्ग पर चिकित्सा सुविधा, पेयजल व्यवस्था एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।

