उत्तर पश्चिम और पूर्वी भारत को झुलसा देने वाली गर्मी से कोई राहत नहीं, पांच दिन लूट का अलर्ट

  • Share on :

नई दिल्ली। दक्षिण पश्चिम मानसून दस्तक देने को है, लेकिन उत्तर पश्चिम और पूर्वी भारत को झुलसा देने वाली गर्मी से कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही। कई इलाकों में पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रचंड गर्मी अभी कम से कम और पांच दिन सताएगी। इस दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री तक की वृद्धि भी हो सकती है। उसके बाद कुछ क्षेत्रों में मानसून पूर्व बारिश का अनुमान है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा, अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में लू से भीषण लू चलने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गंगा तट वाले कुछ हिस्से भीषण लू से बुरी तरह प्रभावित हो सकते हैं। बीते 24 घंटे के दौरान इन राज्यों के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति बनी रही और अधिकतम तापमान 42-45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो से चार डिग्री अधिक है। प्रचंड गर्मी अपने साथ कई बीमारियां भी ला रही है। लू की चपेट में आने वाले लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि प्रचंड गर्मी अल नीनो का परिणाम है। प्राकृतिक रूप से होने वाली इस घटना से मध्य और पूर्वी प्रशांत महासागर में सतह के पानी का अत्यधिक गर्म होना और वायुमंडल की निचली परत में ग्रीनहाउस गैसों की सांद्रता में तेज वृद्धि है। अल नीनो के प्रभाव से भारत में सूखे जैसी स्थिति बन जाती है। वर्षा पर आधारित कृषि क्षेत्र को भी भारी नुकसान उठाना पड़ता है।
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, लातूर और नांदेड़ जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सोमवार को मुंबई में 65 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई और अधिकतम तापमान 3 डिग्री से ज्यादा घटकर 30 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। गौरतलब है कि जब 64.5 मिमी और 115.5 मिलीमीटर के बीच बारिश होने की संभावना होती है तो ऑरेंज अलर्ट जारी किया जाता है।
राजधानी में एक बार फिर लू का दौर शुरू हो गया है। आसमान से आग बरस रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शाम के समय धूल भरी आंधी के साथ तेज सतही हवाएं 25 से 35 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चल सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 45 पार पहुंचने की आशंका है।
साभार अमर उजाला 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper