ओडिशा SI पेपर लीक कांड: एक्शन में ED, कई ठिकानों पर छापेमारी

  • Share on :

ओडिशा। ओडिशा में सब-इंस्पेक्टर की परीक्षा का पेपर लीक कांड में प्रवर्तन निदेशालय (ED) छापेमारी कर रही है। ईडी इस मामले में आरोपियों के घरों को खंगाल रही है। इससे पहले हाईकोर्ट ने ओडिशा पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा घोटाले में 17 आरोपियों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थी। इस मामले की जांच CBI कर रही है।
आरोपियों को पिछले साल दिसंबर में BNS और ओडिशा पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) एक्ट, 2024 की अलग-अलग धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया था। जज ने सुनवाई के दौरान कहा था कि आरोपी सरकारी नौकरी चाहने वाले उम्मीदवारों से लाखों रुपये लेकर प्रश्न पत्र लीक करने में शामिल थे।
जस्टिस सतपथी ने कहा था, "याचिकाकर्ताओं की कथित हरकतों के कारण कंबाइंड पुलिस सर्विस एग्जामिनेशन 2024 को दो बार रद्द करना पड़ा। ऐसी हरकतें काबिल उम्मीदवारों का मनोबल गिराती हैं और भर्ती प्रक्रिया में जनता का भरोसा कम करती हैं।''
ओडिशा एसआई पेपर लीक केस में आरोपियों की लिस्ट लंबी है। उनमें टी. अभिमन्यु डोरा, प्रियदर्शनी सामल, लोकनाथ साहू, श्रीकांत महाराणा, बिस्वजीत हरिचंदन, सागर कुमार गौड़ा, ताफिम अहमद खान, सुरेश चंद्र नायक, बिरंची कुमार नायक, निमाइन चरण साहू, अर्जुन नायक, बिस्वरंजन बेहरा, एपिली सीताराम, राम बाबू यादव, नीतीश कुमार, मुना मोहंती और अरबिंद दास जैसे नाम हैं।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper