कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देश पर प्रभारी उप पंजीयक नरवर जिला कार्यालय में संलग्न
करैरा उप पंजीयक संदीप सिंह गौर को नरवर का अतिरिक्त प्रभार
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव
शिवपुरी, 17 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा जनसमस्याओं और शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की गई है। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों और पूर्व में प्राप्त अनियमितता संबंधी शिकायतों के आधार पर प्रभारी उप पंजीयक नरवर श्री हनीफ खान को जांच अवधि तक उप पंजीयक कार्यालय नरवर से हटाकर जिला पंजीयक कार्यालय शिवपुरी संलग्न किया गया है।
जनसुनवाई के दौरान प्रभारी उप पंजीयक श्री हनीफ खान के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके अलावा पूर्व में मगरौनी क्षेत्र से भी उनके कार्यप्रणाली के संबंध में शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने जिला पंजीयक को तत्काल प्रभारी उप पंजीयक के विरुद्ध जांच के निर्देश दिए हैं।
जिला पंजीयक श्री दुष्यंत दीक्षित ने बताया कि कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देशों के तहत श्री हनीफ खान को आगामी आदेश तक जिला पंजीयक कार्यालय शिवपुरी में संलग्न किया गया है। वहीं, उप पंजीयक कार्यालय नरवर में पंजीयन कार्य सुचारू रूप से संचालित रखने के उद्देश्य से उप पंजीयक करैरा श्री संदीप सिंह गौर को अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ आगामी आदेश तक उप पंजीयक नरवर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

