पाकिस्तानी, ब्रिटिश महिला डॉक्टर गिरफ्तार
रुपईडीहा (बहराइच)। 10 नवंबर की शाम दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार धमाके के बाद से पुलिस और जांच एजेंसियां लगातार अलर्ट पर हैं। यूपी के कई शहरों में भी जांच चल रही है। ताबड़तोड़ छापे पड़ रहे हैं। दिल्ली ब्लास्ट में कई डॉक्टरों के कनेक्शन सामने आए हैं। फरीदाबाद से यूपी की रहने वाली डॉ.शाहीन, लखनऊ से उसके छोटे भाई डॉ.परवेज के अलावा कई डॉक्टर पकड़े गए हैं। कई एजेंसियों के रडार पर हैं। इस बीच बहराइच में भारत-नेपाल सीमा से भारतीय सीमा में घुसपैठ कर रहे दो ब्रिटिश नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक 35 वर्षीय पाकिस्तानी मूल का युवक और दूसरी 61 वर्षीय महिला जो भारतीय मूल (उड्डपी कर्नाटक) की ब्रिटिश नागरिक हैं।
दोनों को उसय गिरफ्तार किया गया, जब वह बिना किसी वैध वीजा के भारत में प्रवेश कर रहे थे। पुलिस और एसएसबी ने उन्हें सुसंगत धाराओं के तहत न्यायालय में जज के सामने पेश किया है। चर्चा है कि दोनों डॉक्टर हैं। यह भी कहा जा रहा है कि वे नेपालगंज में अपने डॉक्टर मित्र से मिलने आए थे। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। घुसपैठ कर रहे दोनों की पहचान सुमित्रा शकील ओलिविया(61) पुत्री जान फ्रेडरिक सुमित्रा निवासी मूल रूप से उद्दपी कर्नाटक, ब्रिटिश पासपोर्ट होल्डर तथा ओसीआई कार्ड होल्डर है।
उसका वर्तमान पता 25 हरकॉम्ब ड्राइव, ग्लौकेस्टर यूनाइटेड किंगडम है। और हस्सन अम्मान सलीम(35) पुत्र मोहम्मद सलीम ( पाकिस्तानी मूल) वर्तमान निवासी ए-1 डलमोरटन रोड मैनचेस्टर यूनाइटेड किंगडम के रूप में हुई है। दोनों को वैध प्रपत्रों के अभाव में भारत प्रवेश की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय बहराइच भेज दिया गया है।
रुपईडीहा थानाध्यक्ष रमेश सिंह रावत ने बताया कि शनिवार की सुबह 10 बजे नेपालगंज से रुपईडीहा आ रहे दोनों को शक के आधार पर तहकीकात की। इन दोनों को रोककर इनके प्रपत्र देखे गए तो पता लगा कि इनके पास भारत प्रवेश के कोई प्रपत्र ही नहीं है। दोनों पर कानून संगत कार्रवाई की गई है। न्यायालय भेज दिया गया है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

