शिक्षा के नाम पर कर रहे खिलवाड़ - किराएदारों वाली बिल्डिंग में चल रहा स्कूल, छात्रों की सुरक्षा पर खतरा
मालनपुर। औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर और उसके आसपास शिक्षा विभाग और प्रशासन की अनदेखी के चलते निजी स्कूलों की मनमानी चरम पर है। यहाँ कई ऐसे स्कूल संचालित हो रहे हैं जो मानकों को ताक पर रखकर ऐसी बिल्डिंगों में चल रहे हैं, जिनमें पहले से ही किराएदार रह रहे हैं।सबसे गंभीर बात यह है कि इन्हीं स्कूलों में नाबालिग छात्राएं भी पढ़ने आती हैं। जिस बिल्डिंग में किराएदार रहते हैं, वहीं छात्राओं का आना-जाना, उनकी सुरक्षा की दृष्टि से बेहद गंभीर और चिंताजनक है। अभिभावकों इसके चलते चिंतित रहते हैं।
नहीं है मूलभूत सुविधाएं, फिर भी चल रहे स्कूल
1. खेल मैदान का नामोनिशान नहीं: बच्चों के शारीरिक विकास के लिए अनिवार्य खेल मैदान ही नहीं है।
2. शौचालय की व्यवस्था फेल:* बालक और बालिकाओं के लिए अलग-अलग पर्याप्त शौचालय तक नहीं हैं।
3. आग से सुरक्षा नहीं: अधिकांश स्कूलों में अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) तक नहीं लगाए गए हैं। यदि कोई हादसा हो जाए तो बच्चों को बचाने का कोई इंतजाम नहीं है।
4. मान्यता पर सवाल: बताया जाता है कि कई स्कूलों के पास तो डी.एड / बी.एड की डिग्री वाले प्रशिक्षित शिक्षक और मान्यता संबंधी पूरी डिग्री / दस्तावेज भी नहीं हैं, फिर भी धड़ल्ले से स्कूल संचालित किए जा रहे हैं।सूत्रों की मानें तो इन स्कूलों को मान्यता कैसे मिली, यह भी जांच का विषय है।स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने जिला शिक्षा अधिकारी और जिला प्रशासन से मांग की है कि मालनपुर क्षेत्र में संचालित ऐसे सभी स्कूलों का भौतिक सत्यापन कराया जाए और जो स्कूल सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरते, उनकी मान्यता तत्काल रद्द कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
- इनका कहना है
मैं खुद आकर निरीक्षण करता हूं,अगर ऐसा है तो स्कूल संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगीl
-श्याम किशोर भारद्वाज
-खंड शिक्षा अधिकारी गोहद

