अरविंद केजरीवाल के खिलाफ उतरी पंजाब कांग्रेस

  • Share on :

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के साथ पंजाब में गठबंधन करने से इनकार करने वाली कांग्रेस की स्टेट यूनिट अब अरविंद केजरीवाल के समर्थन के भी पक्ष में नहीं है। पंजाब कांग्रेस का कहना है कि ईडी की हिरासत में गए अरविंद केजरीवाल का सपोर्ट नहीं करना चाहिए। दोनों दल पंजाब में सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं और दिल्ली में 4-3 का समझौता हुआ है। इस तरह आम आदमी पार्टी और कांग्रेस INDIA अलायंस का हिस्सा हैं। यही नहीं अरविंद केजरीवाल को जब ईडी ने अरेस्ट किया तो दिल्ली कांग्रेस के कई नेता उनके घर पहुंचे और परिवार के लोगों से मुलाकात की। यही नहीं 31 मार्च को INDIA अलायंस ने एक रैली की भी योजना बनाई है, जो दिल्ली के रामलीला मैदान में होगी। 
फिर भी पंजाब कांग्रेस इसके खिलाफ है। उसका कहना है कि यूं अरविंद केजरीवाल का खुलकर समर्थन नहीं करना चाहिए। ऐसा यदि हम करेंगे तो पंजाब में पार्टी की संभावनाओं पर असर होगा और हम कैसे उसी आम आदमी पार्टी के खिलाफ चुनाव में उतर पाएंगे, जिसका हम राष्ट्रीय स्तर पर समर्थन कर रहे हैं। बहरहाल पंजाब से इतर AAP और कांग्रेस में लोकसभा चुनाव के लिए गोवा, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और गुजरात में समझौता हुआ है। अब तक कांग्रेस हाईकमान ने 31 मार्च की रैली में शामिल होने की पुष्टि नहीं की है, लेकिन पंजाब कांग्रेस इसके सख्त खिलाफ है। यही नहीं पंजाब यूनिट ने तो भगंवत मान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन भी किए हैं। 
दरअसल मंगलवार को पंजाब कांग्रेस के प्रभारी देवेंद्र यादव की अध्यक्षता में मीटिंग हुई थी। इस मीटिंग में अमरिंदर राजा वड़िंग, नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मंत्री ओपी सोनी, परगट सिंह, सुखजिंदर सिंह रंधावा, ब्रह्म मोहिंद्रा और तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा समेत कई नेता मौजूद थे। इस मीटिंग में एक स्वर से सभी नेताओं ने कहा कि हमें ईडी की हिरासत में गए अरविंद केजरीवाल का समर्थन नहीं करना चाहिए। 
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper