यूक्रेन संघर्ष पर पीएम मोदी के प्रयासों के मुरीद हुए पुतिन, कहा- बातचीत से हल निकालने की इच्छा के लिए शुक्रगुजार

  • Share on :

नई दिल्ली। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन जंग को खत्म करने की कोशिशों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आइडिया की तारीफ की है. गुरुवार को पुतिन ने कहा कि पीएम मोदी उन विश्व नेताओं में शामिल हैं, जो रूस के साथ अच्छे और दोस्ताना रिश्तों के बावजूद लगातार यूक्रेन में चल रहे संघर्ष को खत्म करने का मुद्दा उठाते हैं.
पुतिन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जंग खत्म कराने में गहरी दिलचस्पी है और उनके पास ऐसे अच्छे आइडिया हैं, जिनके जरिए दोनों पक्षों के लिए स्वीकार्य समाधान तलाशा जा सकता है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी इस मामले में तटस्थ रुख रखते हैं, लेकिन उनकी दिलचस्पी संघर्ष को खत्म करने में है.
'पीएम मोदी के आइडिया के लिए शुक्रगुजार हैं'
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी के आइडिया के लिए शुक्रगुजार हैं. उन्होंने पीएम मोदी की उस इच्छा की भी तारीफ की, जिसमें वह इस संघर्ष को बातचीत और शांतिपूर्ण तरीकों से जल्द से जल्द खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं.
प्रधानमंत्री मोदी लगातार रूस-यूक्रेन जंग के समाधान के लिए बातचीत और कूटनीति पर जोर देते रहे हैं. अगस्त में जापानी अखबार 'द योमिउरी शिंबुन' को दिए इंटरव्यू में पीएम मोदी ने कहा था कि भारत ने इस संघर्ष को लेकर सिद्धांत आधारित और मानवीय रुख बनाए रखा है.
पीएम मोदी ने कहा था कि भारत के रूस और यूक्रेन दोनों के साथ अच्छे रिश्ते हैं और इसी वजह से वह शांति की दिशा में होने वाली सार्थक कोशिशों को मजबूत करने में मदद कर सकता है. उन्होंने कहा था कि भारत यूक्रेन में जल्द और स्थायी शांति बहाल करने की दिशा में होने वाले प्रयासों का समर्थन करने के लिए तैयार है.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper