छात्रों में परीक्षाओं के तनाव को नियंत्रित करता है सहजयोग
सहजयोग द्वारा विद्यार्थियों के संतुलन, अनुशासन व सफलता में वृद्धि होती है। सर्व विदित है कि सहजयोग श्री माताजी निर्मला देवी जी द्वारा प्रतिस्थापित कुंडलिनी जागरण व ध्यान योग की पद्धति है जो मानव के आध्यात्मिक उन्नति में सहायक है। परंतु पूर्ण सत्य यह है कि सहजयोग आध्यात्मिक ही नहीं वरन् जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उन्नति प्रदान करता है, और यह जीवन की प्रत्येक अवस्था बालपन से लेकर वृद्धावस्था तक समान रूप से लाभकारी है।
इसी क्रम में यह समझना अत्यंत महत्वपूर्ण है कि छात्र जीवन में सहजयोग विशेष रूप से सहायक है। भारत में फरवरी से लेकर मई तक विभिन्न परीक्षाओं का समय होता है। इस समय लाखों बच्चे बोर्ड व प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं। वर्तमान शिक्षा पद्धति में अंकों के प्रतिशत का महत्व बढ़ने से छात्रों में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। परिणामस्वरूप निराशा, तनाव, भिन्न प्रकार के मानसिक रोग, हमें बच्चों में देखने को मिल रहे हैं। पराकाष्ठा ये है कि कुछ बच्चे कम उम्र में ही हृदयाघात के शिकार हो रहे हैं और छात्रों में आत्महत्या के उदाहरण बढ़ते जा रहे हैं। ये सनातन संस्कृति के वाहक भारत देश के लिए चिंताजनक है।
प्राचीन काल में गुरुकुल प्रणाली में योग्य गुरुजन छात्रों को संयमित, संतुलित व अनुशासित व्यक्तित्व में ढालने का कार्य करते थे जो आज संभव नहीं है। परंतु वर्तमान जीवन शैली में रहते हुए भी छात्रों को वही संतुलन, संयम व सफलता प्रदान करना सहजयोग द्वारा पूर्णतया संभव है।मानव शरीर की रचना पंचतत्वों से हुई है। इन सभी तत्वों की संतुलित अवस्था हमारे शरीर व मन को स्वस्थ रखती है। हमारा सूक्ष्म शरीर मुख्यतया तीन नाड़ियों व सात चक्रों से संचालित होता है। इस संतुलन की स्थापना हमारे मूलाधार में स्थित कुंडलिनी शक्ति द्वारा की जाती है। श्री माताजी के समक्ष जब कुंडलिनी जागरण द्वारा आत्मसाक्षात्कार प्राप्त होता है तथा प्रतिदिन कुछ समय के ध्यान द्वारा हम इस स्थिति में स्थापित हो जाते हैं तो जीवन की आपाधापी, निराशा, आक्रामकता समाप्त हो जाती है। आत्मसाक्षात्कार किसी भी उम्र में सहजता से प्राप्त किया जा सकता है। विश्व के 150 से अधिक देशों में प्रत्येक आयुवर्ग के व्यक्तियों ने सहजयोग को अपनाकर जीवन में सफलता व आनंद को प्राप्त किया है। सहजयोग द्वारा विद्यार्थियों की एकाग्रता, मैमोरी, समझने की शक्ति व त्वरित निर्णय की क्षमता में अद्भुत वृद्धि होती है तथा मानसिक तनाव व दबाव पर नियंत्रण रहता है और यह वैज्ञानिक व आधुनिक चिकित्सा पद्धति द्वारा प्रमाणित किया गया है।
अतः आनंदमय, सफल व संतुलित जीवन के लिए अपने बच्चों को सहजयोग का उपहार अवश्य प्रदान करें।
सहजयोग से संबंधित जानकारी निम्न साधनों से प्राप्त कर सकते हैं। यह पूर्णतया निशुल्क है। टोल फ्री नं – 1800 2700 800 यूट्यूब चैनल – लर्निंग सहजयोगा

