एसडीएम अनुपम शर्मा ने मुंगावली के शासकीय हाई स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्र का किया आकस्मिक निरीक्षण किया
करेरा। जिला कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) अनुपम शर्मा ने बुधवार को करेरा विकासखंड की ग्राम पंचायत मुंगावली में संचालित शासकीय हाई स्कूल मुंगावली का आकस्मिक निरीक्षण किया। एसडीएम के अचानक विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय में नियमित रूप से कक्षाएं संचालित होती मिलीं। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लेते हुए विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उनकी पढ़ाई से संबंधित जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कक्षा 10 में डॉ. महेंद्र शर्मा द्वारा संस्कृत विषय का पाठ पढ़ाया जा रहा था। एसडीएम शर्मा ने कक्षा 9 एवं कक्षा 10 दोनों कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों को लेकर चर्चा की तथा उनकी शैक्षणिक समझ को परखा। उन्होंने विद्यार्थियों से सवाल पूछे और पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि एवं तैयारी के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान
विद्यार्थियों को गणित के सवाल भी समझाए
कक्षा 10 में एसडीएम अनुपम शर्मा ने विद्यार्थियों से गणित विषय से संबंधित सवाल पूछे तथा कुछ गणित के सवालों को स्वयं समझाकर हल करने की प्रक्रिया बताई। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने तथा कठिन विषयों को समझने के लिए शिक्षकों से लगातार संवाद करने की सलाह दी।
एसडीएम ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “पढ़ाई ही एकमात्र ऐसी पूंजी है, जिसके माध्यम से जीवन में आगे बढ़ा जा सकता है। इसलिए सभी विद्यार्थी मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए अभी से मेहनत करें।”
इस दौरान प्रभारी प्राचार्य प्रदीप मिश्रा सहित विद्यालय का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
आंगनवाड़ी केंद्र का भी किया निरीक्षण
विद्यालय निरीक्षण के क्रम में एसडीएम शर्मा ने मुंगावली क्षेत्र में संचालित लक्ष्मीपुरा मजरा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-1 का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए संचालित व्यवस्थाओं एवं शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
उन्होंने केंद्र पर आने वाले बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे मध्यान्ह भोजन/पोषण आहार के संबंध में जानकारी लेते हुए उसकी गुणवत्ता के बारे में भी चर्चा की।
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव।

