शिवपुरी:  के मंगल बीज भंडार से खरीदे गए धान के बीज में भारी गड़बड़ी, किसानों की फसल बर्बाद; कार्रवाई की मांग

  • Share on :

शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
​शिवपुरी। जिले के नरवर क्षेत्र से किसानों के साथ ठगी और लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। शिवपुरी के पोहरी रोड स्थित 'मंगल बीज भंडार' से खरीदे गए धान के बीज (Star Agri Seeds - PB-1847) में गंभीर खामी पाई गई है, जिसके कारण किसानों की पूरी फसल खराब हो रही है।  
​क्या है पूरा मामला?
ग्राम महुआ के रहने वाले किसान रंजीत सिंह गुर्जर ने बताया कि उन्होंने पोहरी बाईपास स्थित मंगल बीज भंडार से 180 रुपये प्रति किलो की दर से धान का बीज खरीदा था। दुकान संचालक द्वारा बीज बेचते समय कोई छूट नहीं दी गई और मनमाने दाम वसूले गए। किसानों का आरोप है कि जब उन्होंने खेतों में यह बीज बोया, तो फसल में भारी गड़बड़ी सामने आई। धान की बालियां काली निकल रही हैं और फसल पूरी तरह चौपट हो रही है।  
​किसानों को भारी नुकसान:
किसान रंजीत सिंह के अनुसार, लगभग 10 बीघा भूमि में यह धान बोया गया था, जिसमें प्रति बीघा करीब 5 क्विंटल तक के भारी नुकसान की आशंका है। फसल कटाई के समय से ही किसान दिन-रात परेशान घूम रहे हैं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।  
​दुकानदार और कंपनियों की उदासीनता:
पीड़ित किसानों का कहना है कि वे पिछले एक महीने से लगातार दुकान संचालक और संबंधित लोगों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। दुकान वाले जिम्मेदारी लेने से बच रहे हैं और किसानों के साथ धोखाधड़ी की जा रही है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि इस घटिया बीज बेचने वाले मंगल बीज भंडार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper