सेना के सम्मान में बहनों ने निकाली तिरंगा यात्रा

  • Share on :

विधायक मेव के नेतृत्व विधानसभा क्षेत्र की जनता ने लगाए भारत माता के जयकारे
दीपक तोमर 
मंडलेश्वर। पूर्व प्रस्तावित तिरंगा यात्रा शुक्रवार को मंडलेश्वर के शासकीय स्कूल मैदान से महेश्वर के जय स्तंभ चौक तक निकाली गई। मंडलेश्वर के शासकीय स्कूल मैदान पर सुबह 9 बजे भाजपा जिला अध्यक्ष नन्दा ब्राह्मणे, जिला कलेक्टर भव्या मित्तल, एसपी धर्मवीर सिंह मीणा सहित पूर्व सैनिकों के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा के शुरुवात के पूर्व शासकीय स्कूल मैदान पर ही जिला अध्यक्ष ब्राह्मणे एवं क्षेत्र विधायक राजकुमार मेव द्वारा पूर्व सैनिकों के सम्मान के साथ राष्ट्रीय  ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्र गान जन गण मन के उपरांत भाजपा जिला अध्यक्ष ब्राह्मणे, विधायक राजकुमार मेव, जिला कलेक्टर भव्या मित्तल एवं एसपी धर्मवीर सिंह मीणा की अगुआई में तिरंगा यात्रा की शुरुवात हुई। तीनों अतिथियों ने हाथों में तिरंगा थाम कर यात्रा को मार्ग दिखाया। यात्रा में सबसे पहले एक रथ पर भारत माता की झांकी एवं दूसरे रथ पर लोकमाता अहिल्या बाई होलकर की झाकी के रूप में बालिकाएं विराजित थी। उसके पश्चात पूर्व नियोजित बहनों को हुजूम था। प्राप्त जानकारी के अनुसार विधानसभा क्षेत्र की लगभग 3 हजार से अधिक महिलाएं तिरंगा यात्रा में भारतीय सेना के समर्थन के हुंकार भर रही थी। वही उनके पीछे क्षेत्र के पूर्व सैनिक खुली जीप में स–सम्मान विद्यमान थे। और यात्रा की अंतिम कड़ी में पूरे विधानसभा क्षेत्र के लगभग 2 हजार से अधिक युवा एवं पुरुष भारत माता के जयकारे लगा रहे थे। स्कूल ग्राउंड से निकल कर यात्रा में उपस्थित देशभक्तों का जनसैलाब महेश्वर मंडलेश्वर रोड पर भारत माता के जयकारे के साथ देशभक्ति गीतों पर नृत्य करते चल रहा था। महेश्वर मंडलेश्वर के बीच की लगभग 8 किलोमीटर की दूरी यात्रा में शामिल देशभक्तों ने मात्र 2 घंटे में तय की। रास्ते भर विभिन्न स्टालों के माध्यम से यात्रा में उपस्थित देशभक्तों का पुष्पवर्षा, अल्पाहार एवं जलपान से स्वागत किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यात्रा में एक सीरे से दूसरे सिरे की दूरी लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर थी। किसी ऊंचाई वाले स्थान से यात्रा में शामिल देशभक्तों को देखने पर देशभक्तों के सिर्फ चेहरे ही चेहरे दिखाई दे रहे थे। 
महेश्वर स्थित बुड्ढी जीन से यात्रा का महेश्वर में आगमन हुआ। जहा से यात्रा में शामिल देशभक्त महिलाओं ने जोश के साथ यात्रा में देशभक्ति गीतों पर नृत्य किया। जय स्तंभ चौक पर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि गजराज यादव ने यात्रा के संयोजक विधायक राजकुमार मेव का भव्य स्वागत किया। स्वागत के दौरान विधायक राजकुमार मेव ने उपस्थित जनसैलाब को संबोधित किया। उसके पश्चात यात्रा के अंतिम पड़ाव में जय स्तंभ चौक पर ध्वजारोहण हुआ। तत्पश्चात भवानी माता चौक स्थित लोक माता अहिल्या बाई होलकर की प्रतिमा को विधायक मेव द्वारा साड़ी ओढ़ाई गई। तिरंगा यात्रा का समापन यात्रा में उपस्थित देशभक्त महिला पुरुष के सामूहिक सहभोज के साथ हुआ। 
न भूतों न भविष्यति:
विधायक राजकुमार मेव ने यात्रा के संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा के सफल आयोजन में उपस्थित बहनों की संख्या के सागर ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि हमारे देश की बहने भी राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत है और समय आने पर राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकती है। यात्रा में देशभक्त जनता के हुजूम को देखकर कहा जा सकता है कि न भूतों न भविष्यति। इसके पहले कभी ऐसे आयोजनों में ऐसा जनसैलाब नहीं देखा। मै क्षेत्र की जनता एवं विशेषकर बहनों का आभार व्यक्त करता हु जिन्होंने एक छोटे से आव्हान पर अपनी देशभक्ति प्रदर्शित करते हुए यात्रा में जनसैलाब का एक इतिहास कायम किया। 
प्रशासनिक व्यवस्थाओं ने यात्रा को बनाया सुगम:
यात्रा के पूर्व प्रशासन ने भी 8 किलोमीटर की यात्रा को सुगम बनाने के लिए पूरा सहयोग किया। एसडीएम अनिल कुमार जैन, एसडीओपी मनोहर गवली, मंडलेश्वर थाना प्रभारी दीपक यादव, महेश्वर थाना प्रभारी जगदीश गोयल ने पूरे यात्रा मार्ग पर अपनी व्यवस्थाओं को चाकचौबंद रखा। राजस्व विभाग की टीम पूरे यात्रा मार्ग पर पैदल यात्रा के साथ रही। स्वस्थ विभाग से एक एंबुलेंस एवं नगर परिषद से एक फायर फाइटर भी यात्रा के साथ साथ रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper