रफ़्तार का कहर: नेशनल हाईवे-719 पर बस ने वैन को मारी टक्कर, 5 लोगों की दर्दनाक मौत

  • Share on :

भिण्ड। जिले में शुक्रवार देर रात बस और वैन की आमने-सामने की भिड़ंत में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसा गोहद चौराहा थाना अंतर्गत छींमका गांव के पास नेशनल हाईवे-719 पर रात 2.30 बजे हुआ। गोहद चौराहा थाना प्रभारी मनीष धाकड़ के अनुसार, ईको वैन ग्वालियर से सवारियों को लेकर भिंड की ओर आ रहा था, जबकि बस भिंड से ग्वालियर की ओर जा रही थी।
हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं घायलों को एंबुलेंस से ग्वालियर रैफर किया गया है। फिलहाल घायलों का ग्वालियर में इलाज जारी है। टीआई ने बताया कि अभी दो मृतकों की पहचान हुई है, जिनके नाम अतुल शिवहरे निवासी फूप और जगदीश भदौरिया निवासी स्योड़ा गांव अकोड़ा हैं, अन्य की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। 
जिस जगह हादसा हुआ, वहां अंधा मोड़ है। हो सकता है दोनों वाहनों के तेज रफ्तार में होने से हादसा हुआ हो। इस दर्दनाक घटना में केतु पुत्र संतोष, संतोष पुत्र कल्याण, प्रदीप पुत्र राम प्रकाश, मेंवाराम पुत्र बाबूराम, राम लखन पुत्र भागीरथ, मीरा पुत्र सुरेश, सुखबीर सिंह पुत्र श्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि पांचों मृतकों के शव पोस्टमार्टम भिजवा दिए गए हैं।
भिंड के एसपी असित यादव ने बताया कि हादसे के बाद घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर मामलों को ग्वालियर रैफर किया गया है। जांच में पता चला कि बस की स्पीड ज्यादा थी और संभवतः चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ। यह घटना न केवल एक हादसा है, बल्कि सड़क सुरक्षा के अभाव को उजागर करती है, जहां तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग आम समस्या है।
अमर उजाला 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper