GNS Financial Services मामले में पुलिस अधीक्षक ने की समीक्षा, SIT को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
साहिल खान
बुढ़ार। GNS Financial Services Pvt. Ltd. के नाम पर निवेशकों को अधिक लाभ का लालच देकर कथित धोखाधड़ी किए जाने के मामले को पुलिस अधीक्षक शहडोल ने गंभीरता से लिया है। प्रकरण की जांच में तेजी लाने और आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस द्वारा विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।
इसी क्रम में शनिवार, 5 सितंबर 2026 को थाना बुढ़ार में गठित SIT की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक शहडोल ने मामले की अब तक हुई जांच की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने जांच दल को मामले से जुड़े साक्ष्यों का बारीकी से संकलन करने, निवेशकों और संबंधित व्यक्तियों के बीच हुए वित्तीय लेन-देन की सूक्ष्मता से जांच करने तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रकरण में नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित अन्य फरियादियों की शिकायतें भी सुनी गईं। पुलिस अधीक्षक ने शिकायतों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने के लिए थाना प्रभारी बुढ़ार को निर्देशित किया।
पुलिस द्वारा पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

