जनकल्याण संबल योजना के लंबित प्रकरणों में संवेदनशीलता के साथ करें तत्परता पूर्वक निराकरण की कार्यवाही,शत प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को कराएं लाभान्वित - कलेक्टर श्री तिवारी

  • Share on :

सेक्टर सुपरवाइजर पीएम आवासों की पूर्णता हेतु सार्थक प्रयास कर लाएं प्रगति, एमडीएम की गुणवत्ता हेतु अधिकारी करें सतत निरीक्षण- जिला पंचायत सीईओ

बुनियादी सुविधाओं के बदले कर जमा कराना आदत बनानी होगी - श्रीमती कौर

कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर

कटनी । मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल (2.0) के पंजीयन एवं अनुग्रह सहायता के लंबित प्रकरणों में अत्यंत संवेदनशीलता के साथ निराकरण की कार्यवाही तत्परता पूर्वक करते हुए शत प्रतिशत पात्र आवेदकों को लाभान्वित कराएं। ग्रामीण नल जल योजनाओं के सुचारू संचालन के लिए विद्युत बिल नियमित रूप से जमा कराने हेतु ठोस कार्य योजना बनाकर ग्राम पंचायतवार नल जल कनेक्शन धारी हितग्राहियों की सूची तैयार कर नियमित रूप से जलकर वसूली सुनिश्चित करायें। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभा कक्ष में आयोजित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक में समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, श्रम एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को दिए। समीक्षा के दौरान संबल योजना के काफी समय से लंबित प्रकरणों के संबंध में निराकरण नहीं होने के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि समन्वय स्थापित कर तीन दिवस के अंदर आवश्यक निराकरण सुनिश्चित करने की कार्रवाई करें। अत्यंत पुराने वर्षों के लंबित मामलों में जवाबदेही सुनिश्चित कर जिम्मेदार लोक सेवकों पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। इस दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने प्रधान मंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत एमडीएम संचालित करने वाले स्व सहायता समूहों की एनआरएलएम में पंजीयन की समीक्षा की। उन्होंने ढीमरखेड़ा एवं विजयराघवगढ़ के लंबित पंजीकृत समूह को पंजीकृत करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ कौर ने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने  अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के साथ शालाओं का सतत निरीक्षण किए जाने के निर्देश दिए। 66 समूहों द्वारा  खाद्यान्न उठाव नहीं किए पर नाराजगी जताते हुए समय पर खाद्यान्न का उठाव करने समूहों को निर्देशित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी मौजूद रहे।

श्रमिक नियोजन में वृद्धि के लिए करें हर संभव प्रयास, सहायक यंत्री विजयराघवगढ़ को शोकाज नोटिस,एपीओ पर होगी कार्यवाही

जिला पंचायत सीईओ ने व्हीबी- जीरामजी योजना की विकास खंडवार समीक्षा करते हुए श्रमिक नियोजन में वृद्धि करने हर संभव प्रयास करने के निर्देश सहायक यंत्री, एपीओ को दिए। उन्होंने अत्यंत न्यून प्रगति पर विजयराघवगढ़ के सहायक यंत्री  श्री अरुण चतुर्वेदी और अन्य तकनीकी अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने की हिदायत देते हुए शो काज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सभी एपीओ निष्क्रिय ग्राम पंचायतों में अनिवार्य रूप से बेहतर नतीजे लाने हेतु एक-एक ग्राम पंचायत की प्रॉपर निगरानी करते हुए  काम कराना शुरू करें अन्यथा अप्रिय कार्रवाई के लिए तैयार रहें। जनपद पंचायत सीईओ भी एक्टिव मोड में काम करें। मानव दिवसों के सृजन में वांछित प्रगति नहीं होने पर वेतन कटौती के साथ अन्य अनुशासनात्मक कार्यवाहियां की जाएगी। युक्ति धारा पोर्टल और मां की बगिया के अंतर्गत पुराने स्वीकृत कार्यों को हितग्राही से संपर्क और संवाद कर सर्वोच्च प्राथमिकता से पूर्ण कारण जाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं वाटरशेड के अंतर्गत कार्य पूर्णता, लंबित भुगतान, नेट शेड अंतर्गत सब्जी एवं पौधारोपण की विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।

पीएम आवास पूर्णता हेतु  एक हफ्ते का समय

श्रीमती कौर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत सेक्टरवार आवास पूर्णता की समीक्षा की। उन्होंने सेक्टर सुपरवाइजर और जनपद स्तरीय अधिकारियों से कहा कि सतत रूप से फील्ड विजिट कर हितग्राहियों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को सुने और सार्थक प्रयास करते हुए आवास पूर्णता में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार प्रगति लाया जाना सुनिश्चित करें। एक हफ्ते बाद वीसी से समीक्षा कर न्यूनतम प्रगति वाली ग्राम पंचायतों के सेक्टर सुपरवाइजर पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विशेष कर धरती आबा जन जातीय उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत स्वीकृत आवासों को विशेष फोकस करते हुए पूर्ण कराने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।

कर जमा कराना आदत बनानी होगी

जिला पंचायत सीईओ ने ओएसआर की समीक्षा करते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों के राजस्व में वृद्धि करने, बुनियादी सुविधाओं के एवज में जल , प्रकाश ,स्वच्छता कर, संपत्ति कर सहित अन्य आवश्यक एवं वैकल्पिक करो को जमा कराने ग्रामीणों में जन जागरूकता हेतु एक्टिव मोड में रहकर काम करना होगा। पंचायत दर्पण पोर्टल पर प्रत्येक परिवार का पंजीयन एवं बिल चालान जनरेट करें। उन्होंने ग्राम सभाओं में इसका व्यापक प्रचार प्रसार करते हुए आगाह किया कि नागरिकों को अवगत कराना होगा कि समय पर करों का भुगतान नहीं करने से निर्धारित प्रावधानों के मुताबिक जुर्माना, नल जल कनेक्शन काटने सहित अन्य सुविधाओं से वंचित करने की कार्रवाई ग्राम पंचायत स्तर से की जाएगी।

सीसी जारी कराएं

सांसद विधायक निधि,15वें वित,  एवं अन्य योजनाओं से स्वीकृत पूर्ण कार्यों के कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र अभियान चलाकर जारी करें। विगत वर्षों के प्रगतिरत अपूर्ण कार्यों जैसे नवीन पंचायत भवन एवं सामुदायिक भवन की पंचायत दर्पण पोर्टल में प्रविष्टि कराएं। पूर्ण कार्यों की जारी सीसी की जानकारी लेते हुए श्रीमती कौर ने प्रगति बढ़ाने के निर्देश तकनीकी अधिकारियों और जनपद पंचायतों के सीईओ को दिए।

जनविश्वास अभियान

जिला पंचायत सीईओ कौर ने शुक्रवार 11 सितंबर को विकासखंड रीठी की ग्राम पंचायत बिलहरी में आयोजित होने वाले जन विश्वास अभियान के पूर्व ग्रामीण जनों की समस्याओं, शिकायतों एवं लंबित आवेदनों पर तथ्यात्मक निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि आवेदकों से रूबरू होकर जन समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर तत्परतापूर्वक समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निराकृत करें।

इनकी रही मौजूदगी

समीक्षा बैठक में श्रम,लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत विभाग के अधिकारियों सहित सर्वश्री परियोजना अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, ऋषि राज चढ़ार, कमलेश सैनी, विजयलक्ष्मी मरावी, मृगेंद्र सिंह, योगेंद्र कुमार असाटी, पंकज नामदेव, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक यंत्री, उपयंत्री, पीसीओ, एडीईओ, एपीओ, एएओ एवं अन्य खंड स्तरीय अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper