शासकीय कन्या महाविद्यालय में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया शिक्षक दिवस

  • Share on :

छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरुजनों के प्रति व्यक्त किया सम्मान
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में शनिवार को शिक्षक दिवस श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, संस्कार और जीवन मूल्यों को दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने डॉ. राधाकृष्णन के शिक्षा एवं दर्शन के क्षेत्र में योगदान को स्मरण करते हुए छात्राओं से उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर छात्राओं ने कविता, गीत, नृत्य और नाटिका सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा और शिक्षकों के प्रति अपनी कृतज्ञता एवं सम्मान को भावपूर्ण ढंग से व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। आयोजन ने छात्राओं में गुरुजनों के प्रति सम्मान, अनुशासन और जीवन मूल्यों की भावना को और मजबूत किया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper