विदिशा में 70वीं राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता वॉलीबॉल के मैदान में दिखा रोमांच, मलखंब पर उज्जैन संभाग का दबदबा

  • Share on :

धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। स्थानीय जिला खेल परिसर में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय शालेय वॉलीबॉल एवं मलखंब प्रतियोगिता के दूसरे दिन मैदान पर जबरदस्त उत्साह, ऊर्जा और कड़ा मुकाबला देखने को मिला। प्रदेश भर के विभिन्न संभागों से आए  खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दूसरे दिन वॉलीबॉल के मैदान पर जहां एक से बढ़कर एक रोमांचक लीग मुकाबले खेले गए, वहीं मलखंब के खंभे पर खिलाड़ियों ने संतुलन, लचीलेपन और शारीरिक दक्षता का शानदार नजारा पेश किया। वॉलीबॉल स्पर्धा में बालिका वर्ग के अंतर्गत उज्जैन की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए शहडोल को सीधे सेटों में 2-0 से शिकस्त दी। इसी वर्ग के अन्य मैचों में ग्वालियर की बालिकाओं ने सागर को 2-0 से हराया, जबकि रीवा की टीम ने अपने रणनीतिक खेल के दम पर जबलपुर पर 2-0 से एकतरफा जीत दर्ज की। वहीं इन्दौर की बालिका टीम ने अपने दबदबे को बरकरार रखते हुए भोपाल को 2-0 से पराजित कर अगले दौर में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। दूसरी ओर बालक वर्ग के मुकाबलों में भी कड़ा संघर्ष देखने को मिला। जबलपुर के बालकों ने शहडोल को 2-0 से हराकर मुकाबला अपने नाम किया। दिन का सबसे रोमांचक और संघर्षपूर्ण मुकाबला सागर और रीवा के बीच खेला गया, जिसमें सागर की टीम ने बेहतरीन वापसी करते हुए रीवा को 2-1 के कड़े अंतर से हराया। इसके अलावा उज्जैन की बालक टीम ने भी अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए नर्मदापुरम को सीधे सेटों में 2-0 से मात दी। मैदान के दूसरे हिस्से में आयोजित मलखंब प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग में खिलाड़ियों ने अपनी जिम्नास्टिक कला का बेहतरीन प्रदर्शन किया। बालक वर्ग की चैंपियनशिप में उज्जैन संभाग ने 23.70 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि सागर संभाग 18.80 अंकों के साथ दूसरे और भोपाल संभाग 18.25 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। बालिका वर्ग की चैंपियनशिप में भी उज्जैन संभाग की बालिकाओं का दबदबा रहा और उन्होंने 25.00 अंक बनाकर पहला स्थान प्राप्त किया। इस वर्ग में इंदौर संभाग 20.40 अंकों के साथ उपविजेता रहा और सागर संभाग 18.25 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
दिनभर चले इन शानदार मुकाबलों के दौरान खेल परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। दर्शकों और साथी खिलाड़ियों ने सभी विजेता टीमों व खिलाड़ियों का भरपूर उत्साहवर्धन किया। राज्य स्तर पर अपनी-अपनी टीमों को सिरमौर बनाने के लिए खिलाड़ियों का यह जोश प्रतियोगिता को और भी अधिक भव्य बना रहा है। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रतियोगिता के फील्ड ऑफिसर अरुण तिवारी, स्टेट रेफरी बख्तावर खान, खेल शिक्षक जेएस ठाकुर, स्वतंत्र जैन रविकांत नामदेव आदि मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी पंकज भार्गव ने जानकारी दी कि यह परिणाम दिन की समाप्ति तक थे और प्रतियोगिता रात्रि 10:00 बजे तक जारी रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper