कलेक्टर ने करैयाखेड़ा एवं मोहनगिरी के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
फार्मसिस्ट का एक दिन का वेतन काटने और अव्यवस्थाओं एक कर्मचारी को नोटिस जारी करने के निर्देश विदिशा। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने गुरुवार को विदिशा नगर के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करैयाखेड़ा एवं मोहनगिरी का निरीक्षण कर मरीजों को प्रदाय की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचकर मरीजों से सीधे संवाद किया तथा उपचार, दवा वितरण एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
करैयाखेड़ा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पंजीकरण कक्ष, बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी), एनसीडी कक्ष, इंजेक्शन कक्ष, चिकित्सकीय परामर्श कक्ष, पैथोलॉजी, ड्रेसिंग कक्ष, टीकाकरण कक्ष, एएनसी कक्ष एवं कोल्ड चैन कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान भर्ती मरीजों के वार्ड में बेड पर बिछी गंदी चादरों को देखकर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र में उपयोग की जाने वाली सभी चादरें साफ, स्वच्छ एवं नियमित रूप से धुली हुई हों। साथ ही भर्ती मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने गर्भवती महिलाओं (एएनसी) को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की। जांच के दौरान पाया गया कि कई एएनसी महिलाओं का नियमित फॉलोअप नहीं किया जा रहा था तथा उनकी आभा आईडी भी जनरेट नहीं की गई थी। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। दवा वितरण कक्ष के निरीक्षण में दवाइयों का रखरखाव एवं व्यवस्थित संधारण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित फार्मासिस्ट का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने करैयाखेड़ा एवं मोहनगिरी दोनों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में उपस्थित मरीजों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम विदिशा श्री मनीष कुमार जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामरहित कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं चिकित्सीय स्टाफ उपस्थित रहा।

