डिंडौरी के 1957 आंगनवाड़ी केंद्रों में प्रज्वलित हुआ ‘आशीर्वाद का दीया’
संकल्प से सेवा अभियान के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, हितग्राहियों एवं समुदाय ने की सहभागिता
डिंडौरी। संकल्प से सेवा अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री श्याम सिंगौर के निर्देशन में जिले के सभी 1957 आंगनवाड़ी केंद्रों में 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों पर दीप प्रज्वलित किए गए। कार्यक्रम से पूर्व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा जनमानस को कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया, जिससे जिलेभर में उत्साहपूर्ण वातावरण निर्मित हुआ।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के अंतर्गत महिला एवं बालिका हितग्राहियों के घरों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने हितग्राहियों के घर पहुंचकर दीप प्रज्वलन कराया तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभागीय योजनाओं से जुड़े हितग्राही परिवारों को कार्यक्रम से जोड़ा। कार्यक्रम में अधिक से अधिक हितग्राहियों एवं समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
सीडीपीओ एवं पर्यवेक्षकों ने भी की सहभागिता
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी परियोजना अधिकारी/सीडीपीओ एवं पर्यवेक्षकों ने अपने-अपने क्षेत्र के निकटस्थ आंगनवाड़ी केंद्रों पर उपस्थित रहकर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में सहभागिता की। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, हितग्राहियों एवं समुदाय के साथ मिलकर दीप प्रज्वलित किए। सामूहिक दीप प्रज्वलन के माध्यम से जनमानस को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के विकास कार्यों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।
डिंडोरी से शिवम् प्रजापति की रिपोर्ट

