राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्नों ने मोहा मन
शिवाजी पब्लिक और बचपन इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण जयंती
मालनपुर। क्षेत्र के शिवाजी पब्लिक स्कूल एवं बचपन इंटरनेशनल स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण के चित्र पर पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। इसके बाद दोनों विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राएं राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में नजर आए। बच्चों ने कृष्ण-लीला पर आधारित नाटक, गीत और कविताओं की प्रस्तुति देकर उपस्थितजनों का मन मोह लिया। मोर मुकुट, बांसुरी और राधा के श्रृंगार में सजे बच्चों ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। प्रस्तुतियों पर बच्चों का तालियों से उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर दोनों विद्यालयों के संचालक दिनेश सिंह परिहार उर्फ बंटू ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण प्रेम, करुणा और धर्म के प्रतीक हैं। उनके आदर्शों को जीवन में अपनाकर बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम के समापन पर छात्र-छात्राओं एवं उपस्थितजनों को पंजीरी और प्रसाद वितरित किया गया।

