दधिकांदो शोभायात्रा के दौरान सफाई, प्रकाश एवं पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कराने निगमायुक्त ने दिए निर्देश
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी। 72वें दधिकांदो महोत्सव के अवसर पर रविवार 6 सितंबर को निकलने वाली भगवान श्री मुरली मनोहर जी की भव्य शोभायात्रा एवं आयोजन को लेकर नगर पालिक निगम कटनी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए निगमायुक्त श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर ने निगम के विभागीय अधिकारियों को शोभायात्रा मार्ग सहित अन्य आयोजन स्थलों पर निगम की आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
निगमायुक्त ने शोभायात्रा मार्ग एवं आयोजन स्थलों पर विशेष साफ-सफाई, पर्याप्त डस्टबिन, स्ट्रीट लाइट एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही आवश्यकता वाले स्थानों पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराने के साथ स्वागत स्थलों पर वालेंटियर्स तैनात करने के निर्देश दिए है। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैले, इसके लिए सफाई अमले को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
शोभायात्रा श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से प्रारंभ होकर सुभाष चौक, खेरमाई मंदिर, केपीएस चौराहा, घंटाघर, गर्ग चौराहा, हरेश्वर मंदिर, बड़े गणेश मंदिर, गोल बाजार, रामलीला मैदान, कामानिया गेट, हनुमान मंदिर, सुभाष चौक, कपड़ा बाजार एवं जवाहर चौक होते हुए पुनः श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर पहुंचेगी।
निगमायुक्त श्रीमती कौर ने संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर पालन सुनिश्चित करने के साथ ही महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए शोभायात्रा मार्ग एवं कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

