सोशल मीडिया टिप्पणी के विरोध में सर्व समाज का आक्रोश, हजारों लोग पहुंचे करैरा थाना
आजाद लोधी के विरुद्ध NSA सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की मांग, थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन ।
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव की स्पेशल रिपोर्ट
करैरा। सोशल मीडिया पर सवर्ण समाज की महिलाओं के प्रति कथित रूप से अमर्यादित एवं आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले ने करैरा क्षेत्र में तूल पकड़ लिया है। आरोपी आजाद लोधी निवासी बैसोराकलां के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को सर्व समाज के हजारों लोग करैरा थाने पहुंचे और प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन, कलेक्टर शिवपुरी एवं पुलिस अधीक्षक शिवपुरी के नाम अनुविभागीय अधिकारी राजस्व करैरा के माध्यम से कार्रवाई की मांग की गई। सर्व समाज की ओर से प्रस्तुत ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि आजाद लोधी द्वारा मोबाइल के माध्यम से सवर्ण समाज की महिलाओं के संबंध में अश्लील, अशिष्ट एवं आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
ज्ञापन में कहा गया कि इस मामले को लेकर करैरा, पिछोर सहित अन्य थानों में एफआईआर दर्ज होने की बात सामने आई है, लेकिन ज्ञापनकर्ताओं के अनुसार आरोपी के विरुद्ध अपेक्षित कार्रवाई एवं गिरफ्तारी नहीं होने से समाज में आक्रोश बढ़ रहा है। सर्व समाज ने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी की पत्नी द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर कथित रूप से भ्रामक एवं भड़काऊ संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। ज्ञापनकर्ताओं ने आशंका जताई कि ऐसे संदेशों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
NSA सहित कठोर कार्रवाई की मांग
सर्व समाज ने प्रशासन से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी आजाद लोधी के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) सहित कानून के तहत लागू अन्य कठोर धाराओं में कार्रवाई की जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक एवं भड़काऊ सामग्री के संबंध में भी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे लोगों ने प्रशासन से कहा कि मामले में कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में अमन-चैन एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
इस दौरान बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोग करैरा थाने पहुंचे, जिससे पुलिस एवं प्रशासन को भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ी। प्रदर्शनकारियों ने मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए अपना ज्ञापन सौंपा।
अब निगाहें पुलिस एवं प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

