सिल्वर पार्क में दर्दनाक हादसा: खेलते वक्त करंट की चपेट में आने से 15 वर्षीय बच्चे की मौत
दीपक वाड़ेकर
इन्दौर। स्थानीय सिल्वर पार्क कॉलोनी में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कॉलोनी के गार्डन में खेल रहा 15 वर्षीय एक किशोर बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अखिलेश जामरे (15) पिता राहुल जामरे के रूप में हुई है, जो सिल्वर पार्क की ईडब्ल्यूएस (EWS) बिल्डिंग में रहते थे। अखिलेश कॉलोनी के गार्डन में खेल रहा था, उसी दौरान उसकी बॉल गार्डन में लगी डीपी (DP) के पास स्थित बिजली के खंभे के पास चली गई। जैसे ही वह बॉल उठाने के लिए खंभे के पास गया, उसमें अचानक उतरे करंट की चपेट में आ गया।
घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे बेहोशी की हालत में नजदीकी सिटी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहाँ चिकित्सकों ने जाँच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस अचानक हुए हादसे से पूरे परिवार में कोहराम मच गया और कॉलोनी में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद माता-पिता बच्चे के पार्थिव शरीर को लेकर उनके पैतृक गाँव रवाना हो गए।
इस घटना के बाद रहवासियों में बिजली विभाग और कॉलोनी में खुले पड़े विद्युत उपकरणों व खंभों की सुरक्षा को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाते, तो एक मासूम की जान बचाई जा सकती थी।

