जनजातीय प्रकोष्ठ की विषय विशेषज्ञ डॉ. दीपमाला रावत द्वारा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की प्रगति की समीक्षा
इंदौर जेल का निरीक्षण कर बंदियों से की चर्चा
इन्दौर । जातीय प्रकोष्ठ लोक भवन भोपाल की विषय विशेषज्ञ डॉ. दीपमाला रावत द्वारा आज धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DAJGUA) के अंतर्गत समस्त विभागों की प्रगति पर रेसीडेन्सी कोठी, इन्दौर में समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाकर योजनांतर्गत आगामी कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देश प्रदान किये गये। बैठक में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग को 56 ग्रामों के हितग्राहियों के आधार संशोधन में आ रही कठिनाईओं को प्राथमिकता के आधार पर निदान करने हेतु निर्देश दिए गये।
डॉ. दीपमाला रावत द्वारा समस्त विभागों को समन्वय कर जिले के 56 ग्रामों के ऐसेट को जी.आई.एस. मैपिंग करवाये जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। इसके अलावा जिले के सम्मिलित समस्त ग्रामों में निवासरत व्यक्तियों के स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों जैसे-गर्भवती महिलाओं का सिकलसेल परीक्षण, गर्भ में पल रहे शिशु की जांच प्राथमिकता के साथ करवाने, सिकल मित्र तैयार करने एवं शिविर आयोजित किये जाने तथा अन्यत्र चिकित्सक की सुविधा प्रदान करवाये जाने एवं 70 वर्ष से अधिक आयु के हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने, सिकल कार्ड वितरण, दिव्यांगता प्रमाण पत्र वितरण हेतु आयुष एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश प्रदान किये गये।
बैठक में इंदौर के 56 ग्रामों में बैंक द्वारा सहकारिता कार्प लोन प्रदान कर हितग्राहियों को पशुपालन, बकरी पालन, मुर्गी पालन, आदि कार्यों के लिये स्वरोजगार उपलब्ध कराने हेतु निर्देश दिये गये। मत्स्य पालन विभाग को 56 ग्रामों के हितग्राहियों को स्व-सहायता समूह से जोडकर मछली पालन कार्य हेतु समूह में पट्टा दिये जाने एवं तालाबों की लिस्टिंग की जाने हेतु निर्देशित किया गया। ग्रामों में पर्यटन विकास हेतु पर्यटक स्थल का चिन्हांकन कर पर्यटको को होम स्टे सुविधा प्रदान किये जाने हेतु होम स्टे का कान्सेप्ट तैयार कर वन समिति के माध्यम से पर्यटन विभाग को प्रस्तुत किये जाने हेतु निर्देश प्रदान किये गये। योजनांतर्गत सम्मिलित समस्त 56 ग्रामों के विभागों से आवश्यक समन्वय कर हितग्राहियों को लाभांवित किये जाने हेतु जनजातीय कार्य विभाग, इन्दौर को आवश्यक कार्यवाही किये जाने के निर्देश प्रदान किये गये।
बैठक के पश्चात विषय विशेषज्ञ डॉ. दीपमाला रावत ने इन्दौर की जेल का निरीक्षण किया और बंदियों से चर्चा की। उनकी समस्याएँ सुनी तथा बंदियों द्वारा किये गये कार्यों फर्नीचर, दरी, कंबल आदि निर्माण कार्य गतिविधियों का अवलोकन किया गया।

