UN ने कहा: भारतीय अर्थव्यवस्था साल 2024 में करीब 7 प्रतिशत की दर से बढ़ेगी

  • Share on :

नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र ने भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास दर के पूर्वानुमान में संशोधन करते हुए बताया है कि भारतीय अर्थव्यवस्था साल 2024 में करीब 7 प्रतिशत की दर से बढ़ेगी। संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि मजबूत सार्वजनिक निवेश और लचीले निजी उपभोग के चलते भारतीय अर्थव्यवस्था में तेजी बनी रहेगी। संयुक्त राष्ट्र ने गुरुवार को '2024 के मध्य तक विश्व आर्थिक स्थिति और संभावनाओं' पर रिपोर्ट जारी की। 
संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार, 'भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए पूर्वानुमान है कि यह साल 2024 में 6.9 फीसदी की विकास दर से बढ़ेगी और 2025 में यह विकास दर 6.6 प्रतिशत रहेगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि बाहरी मांग में कमी के चलते निर्यात दर कम रह सकती है, लेकिन फार्मास्यूटिकल और केमिकल निर्यात में तेजी की उम्मीद है।' संयुक्त राष्ट्र ने इससे पहले जनवरी में अपने पूर्वानुमान में साल 2024 के लिए भारत की विकास दर 6.2 बताई थी, लेकिन अब इसमें संशोधन करके 6.9 प्रतिशत कर दिया है। संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि मजबूत घरेलू मांग और मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर में भी मजबूत विकास का भारत को फायदा मिला है। हालांकि 2025 के लिए संयुक्त राष्ट्र ने अपने पूर्वानुमान में कोई बदलाव नहीं किया है। जनवरी में भी संयुक्त राष्ट्र ने 2025 में भारत की विकास दर 6.6 प्रतिशत आंकी थी और अब भी यही आंकड़ा पेश किया है। 
संयुक्त राष्ट्र की संशोधित रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में उपभोक्ता मूल्य मुद्रास्फीति में कमी आई है और 2023 में जहां ये 5.6 प्रतिशत थी, वो 2024 में घटकर 4.5 प्रतिशत हो गई है। यह रिजर्व बैंक की दो से छह प्रतिशत की लक्ष्य सीमा के भीतर है। अन्य दक्षिण एशियाई देशों में भी मुद्रास्फीति में इस साल बीते साल के मुकाबले गिरावट आने की उम्मीद है। कुछ नरमी के बावजूद 2024 की पहली तिमाही में खाद्य चीजों की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में मजबूत विकास और उच्च श्रम बल भागीदारी के बीच श्रम बाजार संकेतकों में भी सुधार हुआ है। भारत सरकार पूंजी निवेश बढ़ाकर राजकोषीय घाटे को धीरे-धीरे कम करने की कोशिश कर रही है। 
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper