केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अछरौनी आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं चमरौआ विद्युत उपकेंद्र का किया लोकार्पण
अतुल जैन
खनियांधाना-पिछोर विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खनियांधाना तहसील के ग्राम अछरौनी में निर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा चमरौआ 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया।
अछरौनी में लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं सुलभ प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर प्राप्त हो सकेगा।
इसके साथ ही लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए चमरौआ 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के लोकार्पण से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इससे आसपास की लगभग 20 से 25 हजार आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है। विद्युत आपूर्ति के अधिक सुचारु, सुदृढ़ एवं विश्वसनीय होने से आम नागरिकों के साथ-साथ किसानों, व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को भी गति मिलेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में देशभर में स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ सरकार गांव, गरीब, किसान और आम नागरिक के जीवन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
आने वाले समय में भी पिछोर में 100 बिस्तर का निर्माणाधीन अस्पताल का ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। आने वाले समय मे भी विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई सौगातें मिलती रहेंगी और क्षेत्र प्रगति एवं समृद्धि की दिशा में निरंतर आगे बढ़ेगा।

