ट्रे़ड डील वार्ता में शामिल ट्रंप के करीबी अमेरिकी दूत ने कहा- रूस से दूरी बनाने लगा भारत?
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीयर ने कहा है कि भारत ने रूस से ऊर्जा आपूर्ति पर निर्भरता कम करना शुरू कर दिया है और इस दिशा में उसकी कोशिशें स्पष्ट रूप से दिख रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका और भारत के बीच व्यापारिक मतभेदों के समाधान की दिशा में सकारात्मक प्रगति हो रही है। ग्रीयर ने यह टिप्पणी न्यूयॉर्क के इकोनॉमिक क्लब में एक कार्यक्रम के दौरान की। उन्होंने कहा, “रूस से ऊर्जा खरीद भारत की अर्थव्यवस्था की कोई स्थाई नींव नहीं है। हमें लगता है कि भारत इसके बिना भी आगे बढ़ सकता है। वास्तव में, हम देख रहे हैं कि वे अब विविधीकरण शुरू कर चुके हैं।”
ग्रीयर ने कहा कि भारत ने 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद ही रूस से तेल खरीद बढ़ाई थी, लेकिन अब वह धीरे-धीरे वैकल्पिक स्रोतों की ओर रुख कर रहा है। उन्होंने कहा, “यह कुछ ऐसा है जो हमें लगता है कि भारत कर सकता है और करना भी चाहिए। सच कहूं तो मुझे लग रहा है कि वे इसे समझ चुके हैं।”
अमेरिकी प्रतिनिधि ने जोर देकर कहा कि अमेरिका भारत के विदेशी संबंधों पर नियंत्रण या हस्तक्षेप नहीं चाहता, बल्कि केवल रूस की ऊर्जा बिक्री से मिलने वाले राजस्व को सीमित करना चाहता है, जिससे रूस को यूक्रेन युद्ध के लिए वित्तीय मदद मिल रही है। उन्होंने कहा, “स्पष्ट रूप से भारत एक संप्रभु देश है, वह अपने निर्णय स्वयं लेगा।”
उन्होंने आगे कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप इस समय केवल रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के मुद्दे पर केंद्रित हैं। हमारा मकसद यह तय करना नहीं है कि भारत किसके साथ संबंध रखे या न रखे।” उन्होंने कहा, “हम बस यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि व्लादिमीर पुतिन पर अधिकतम दबाव बने।”
ग्रीयर ने भारत को व्यवहारिक देश बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ताएं ट्रंप प्रशासन की शुरुआत से ही चल रही हैं।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

