विदिशा में वाहन चेकिंग अभियान, नियम विरुद्ध संचालित 21 वाहनों पर कार्रवाई
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
स्कूल बसों की सुरक्षा और भारवाही वाहनों की हुई जांच, 75 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशों के पालन में जिला परिवहन विभाग द्वारा जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला परिवहन अधिकारी श्री गिरिजेश वर्मा द्वारा सागर रोड, ग्यारसपुर एवं त्यौदाई में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।जांच के दौरान नियम विरुद्ध संचालित पाए गए 21 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इनमें से 9 वाहनों से 75 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया। शेष वाहनों के प्रकरणों के निराकरण की कार्रवाई के लिए उन्हें जब्त कर सुरक्षित रखा गया है। जब्त वाहनों में से 8 वाहन पुलिस थाना ग्यारसपुर, 3 वाहन पुलिस थाना त्यौदा तथा 1 वाहन परिवहन कार्यालय विदिशा परिसर में सुरक्षार्थ रखे गए हैं। जब्त वाहनों के प्रकरणों के निराकरण से लगभग 2 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होने की संभावना है।
स्कूल बसों और निर्माण कार्य में लगे वाहनों की विशेष जांच चेकिंग अभियान के दौरान विशेष रूप से स्कूल बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की गई। इसके साथ ही सड़क निर्माण कार्य में संलग्न भारवाही वाहनों एवं जेसीबी मशीनों की भी जांच की गई, ताकि वाहनों का संचालन निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जा सके।शुक्रवार को ग्यारसपुर रोड पर भी नियम विरुद्ध संचालित पाए गए 4 वाहनों को जब्त किया गया था। इन वाहनों से संबंधित प्रकरणों के निराकरण के उपरांत 73 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया था।जिला परिवहन विभाग द्वारा की जा रही इस कार्रवाई का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना, वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करना तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करना है।

