मौसम विभाग ने जताई बारिश और बर्फबारी की संभावना
नई दिल्ली। उत्तर भारत में सर्दी लौट रही है मगर अगले कुछ दिनों में सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ मौसम का मिजाज बदल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में अगले कुछ दिनों में तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उससे सटे मैदानी इलाकों में 18 फरवरी की रात से 20 फरवरी तक एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखा जाएगा, जिससे बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में दिन के तापमान में 3-5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, मध्य और पूर्वी भारत तथा तेलंगाना में तापमान में 1-3 डिग्री की वृद्धि हुई। उत्तराखंड में तापमान में 2-5 डिग्री की गिरावट देखी गई, जबकि सौराष्ट्र, कच्छ, पश्चिमी राजस्थान और कोंकण क्षेत्र में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई।
रात के तापमान की बात करें तो उत्तराखंड, पश्चिमी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, बिहार, पूर्वोत्तर भारत, आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और तेलंगाना में 1-4 डिग्री की गिरावट हुई। दूसरी ओर, मध्य भारत, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश और गंगीय पश्चिम बंगाल में तापमान 1-3 डिग्री बढ़ गया।
आईएमडी के मुताबिक, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 17 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके चलते 18 फरवरी की रात से 20 फरवरी तक उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां तेज होंगी। अरुणाचल प्रदेश में 17 से 22 फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 19 फरवरी को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 17 से 20 फरवरी के बीच कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान