करवा चौथ पर पत्नी ने नहीं रखा व्रत, तो पति पहुंचा थाने! चांद की पूजा न करने पर लगाया बेवफाई का आरोप

  • Share on :

शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से करवा चौथ के दिन एक अनोखा मामला सामने आया है। बदरवास थाना क्षेत्र में एक पति ने पत्नी के करवा चौथ का व्रत नहीं रखने पर उसके खिलाफ पुलिस थाने में लिखित आवेदन दे दिया। पति ने आरोप लगाया कि पत्नी न तो उसके लिए व्रत रख रही है और न ही उसकी लंबी उम्र की कामना करना चाहती है। मामले की चर्चा इलाके में हो रही है।

पत्नी पर लगाए बेवफाई के आरोप
जानकारी के अनुसार, बदरवास थाना क्षेत्र के बिजरावन गांव निवासी 30 वर्षीय बारेलाल आदिवासी ने अपनी पत्नी मिथलेश आदिवासी के खिलाफ थाने में आवेदन दिया है। आवेदन में पति ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी उसके साथ बेवफाई कर रही है और उसने करवा चौथ का व्रत भी नहीं रखा।
बारेलाल का कहना है कि उसने पत्नी से चांद को देखकर उसकी लंबी उम्र के लिए पूजा करने को कहा था, लेकिन पत्नी ने ऐसा नहीं किया। पति ने आरोप लगाया कि पत्नी उसकी लंबी उम्र नहीं चाहती, बल्कि उसे मारना चाहती है।

व्रत नहीं रखा तो तलाक देने की कही बात
पति ने अपने आवेदन में यह भी कहा कि यदि पत्नी ने इस बार उसकी पूजा नहीं की, तो वह उसे तलाक दे देगा। इसके बाद उसने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की।

नशे की हालत में थाने पहुंचा था पति
मामले को लेकर बदरवास थाना प्रभारी नवीन यादव ने बताया कि बारेलाल जब आवेदन लेकर थाने पहुंचा था, तब वह नशे की हालत में था। हालांकि, पुलिस ने उसका आवेदन स्वीकार कर लिया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper