इंदौर में 14 वर्षीय पहलवान से यौन उत्पीड़न का आरोप

  • Share on :

कुश्ती कोच गिरफ्तार: POCSO एक्ट में केस दर्ज, पुलिस रिमांड पर आरोपी
इंदौर में गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित चंदनगुरु व्यायामशाला में 14 वर्षीय नाबालिग पहलवान के साथ कथित यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने व्यायामशाला के कोच मनीष नामदेव को गिरफ्तार कर POCSO एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग पिछले करीब छह साल से व्यायामशाला में कुश्ती का प्रशिक्षण ले रहा था। 25 नवंबर को वह रोजाना की तरह शाम 4 बजे अभ्यास के लिए पहुंचा था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। पिता तलाश करते हुए निकले तो रात करीब 8:50 बजे वह हनुमान मंदिर चौक के पास रोता और डरा-सहमा मिला।
नाबालिग ने पिता को बताया कि अभ्यास खत्म होने के बाद अन्य पहलवानों के चले जाने पर कोच ने उसे अकेला पाकर कथित तौर पर अश्लील हरकत की। आरोप है कि घटना किसी को बताने पर उसे और उसके पिता को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पिता की शिकायत पर सदर बाजार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। कोर्ट में पेशी के बाद उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper