सनसनीखेज हत्या के प्रकरण में पत्नी सहित 05 आरोपीगण को आजीवन कारावास की सजा
रिपोर्टर :- सलीम हुसैन
झाबुआ। जिले के सनसनीखेज हत्या के प्रकरण में माननीय प्रथम अपर सत्र न्यायालय झाबुआ प्रकाश केरकेट्टा द्वारा निर्णय पारित करते हुए मृतक लक्की पांचाल की हत्या के प्रकरण में पत्नी आरती उर्फ गौरी सहित 05 आरोपीगण को दोषसिद्ध पाते हुए आजीवन कारावास एवं प्रत्येक को ₹7,000/- अर्थदंड से दंडित किया गया। अर्थदंड अदा नहीं करने पर 06 माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतने का आदेश दिया गया।
प्रकरण के अनुसार, दिनांक 04.06.2022 को लक्की पिता जितेंद्र पांचाल निवासी मेघनगर नाका, झाबुआ अपनी पत्नी आरती पांचाल को लेने ग्राम कटला, जिला दाहोद (गुजरात) जाने के लिए निकला था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। परिजनों द्वारा थाना कोतवाली झाबुआ में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। अगले दिन दिनांक 05.06.2022 को लक्की पांचाल का शव रंभापुर चौकी क्षेत्रांतर्गत पिपलोदा के जंगल में मिला, जिसके गले एवं मुंह को काले कपड़े से कसकर बांधा गया था। पोस्टमार्टम एवं जांच में हत्या होना पाए जाने पर प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान मृतक की पत्नी आरती पांचाल के रोहित राजपूत के साथ प्रेम संबंध होने तथा पति लक्की से खुश नहीं होने के कारण उसे रास्ते से हटाने की साजिश रचने का तथ्य सामने आया। आरती एवं रोहित द्वारा अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर षड्यंत्रपूर्वक लक्की पांचाल की हत्या करवाई गई। पुलिस विवेचना में आरोपियों के टेक्निकल साक्ष, वाहन एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को संकलित कर प्रकरण को प्रमाणित किया गया।
प्रकरण में आरोपी रोहित पिता भारतसिंह चंदेल राजपूत, आरती उर्फ गौरी पति लक्की पंचाल, बस्सु उर्फ बच्चु पिता कट्टू भूरिया, पप्पु पिता कालुभाई सिंगाडा एवं मांगू उर्फ मंगू पिता फतेसिंह उर्फ फरिंग डामोर को धारा 302 सहपठित धारा 34, 120(ख) एवं 201 भादवि के तहत दोषसिद्ध पाते हुए माननीय न्यायालय द्वारा प्रत्येक आरोपी को आजीवन कारावास एवं ₹7,000/- अर्थदंड से दंडित किया गया।
प्रकरण में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक (एडीपीओ) मनीषा मुवेल आर.पी. अलावा एवं सूरज वैरागी द्वारा प्रभावी पैरवी की गई तथा प्रकरण की विवेचना निरीक्षक तुरसिंग डावर द्वारा की गई।

