इंदौर के 180 किसानों को जल्द मिलेगी सोयाबीन भावांतर की राशि

  • Share on :

पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
बैंक संबंधी समस्या के चलते अटकी भुगतान प्रक्रिया, जिला स्तरीय समिति करेगी निराकरण
इंदौर। किसान हित में मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित सोयाबीन भावांतर भुगतान योजना के तहत इंदौर जिले के करीब 180 पंजीकृत किसानों की अटकी भावांतर राशि का जल्द भुगतान किया जाएगा। किसानों के खातों में शासन द्वारा राशि तीन से चार बार से अधिक स्थानांतरित किए जाने के बावजूद कुछ किसानों को भुगतान प्राप्त नहीं हो सका है।

मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड भोपाल के प्रबंध संचालक सह आयुक्त श्री कुमार पुरुषोत्तम के कार्यालयीन पत्र क्रमांक 1226, दिनांक 3 अगस्त 2026 के माध्यम से इस संबंध में जानकारी दी गई है।

किसान हित को ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर में भावांतर योजना की राशि का भुगतान जिला स्तर पर सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में इंदौर में गठित जिला स्तरीय समिति द्वारा किसानों की बैंक संबंधी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण कर शेष किसानों को भावांतर राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए जल्द भुगतान के निर्देश

इंदौर कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने जिला स्तरीय समिति के सदस्यों को निर्देश दिए हैं कि किसानों की बैंक संबंधी परेशानियों का शीघ्र निराकरण करते हुए उन्हें भावांतर योजना की राशि उपलब्ध कराई जाए।

किसानों से दस्तावेज उपलब्ध कराने की अपील

जिला नोडल मंडी सचिव श्री ओ.पी. खेड़े ने किसान भाइयों से अपील की है कि जिस मंडी में उन्होंने भावांतर योजना के अंतर्गत सोयाबीन का विक्रय किया था, वहां जल्द से जल्द अपने बैंक से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं। दस्तावेज मिलने के बाद बैंक संबंधी समस्याओं का निराकरण कर किसानों को सोयाबीन भावांतर की राशि का भुगतान शीघ्र कराने की कार्रवाई की जाएगी।

मंडी प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराकर भुगतान प्रक्रिया को पूरा कराने में सहयोग करें, ताकि किसी भी पात्र किसान की भावांतर राशि लंबित न रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper