शिवपुरी में हुआ 183 जोड़ों का विवाह-निकाहः जमकर थिरके जिलाध्यक्ष-विधायक; प्रीतम सिंह लोधी बोले-आज होती तो ऐसे ही करता शादी

  • Share on :

ब्यूरो रिपोर्ट ऋषि गोस्वामी शिवपुरी
शिवपुरी के गांधी पार्क में गुरुवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें भाजपा विधायक और जिला अध्यक्ष बारात में जमकर थिरके। बाद में विधि-विधान से विवाह और निकाह की रस्में पूरी की गईं। विवाह सम्मेलन के साक्षी भाजपा जिला अध्यक्ष के साथ तीन विधायक बने।
इस विवाह सम्मेलन में 178 हिंदू जोड़ों और 5 मुस्लिम जोड़ों ने पंजीयन कराया था। सभी जोड़ों को योजना के तहत 49 हजार रुपए की राशि का चेक दिया गया। कार्यक्रम में जोड़ों और उनके परिजनों के लिए प्रशासन ने टेंट, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की।
निकाह और वैदिक मंत्रों के साथ हुए विवाह
इस आयोजन में साम्प्रदायिक सौहार्द्र की मिसाल देखने को मिली। शहर काजी बलीउद्दीन सिद्दीकी ने मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ाया, वहीं गायत्री परिवार ट्रस्ट द्वारा हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार मंत्रोच्चारण के साथ सात फेरे कराए गए। कार्यक्रम में बतौर अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव, शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी, पोहरी से कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, जनपद अध्यक्ष शिवपुरी हेमलता रघुवीर रावत सहित कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रशासन की ओर से कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, एसडीएम उमेश कौरव, जनपद सीईओ गिर्राज शर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पुलिस व्यवस्था कोतवाली प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ एवं उनकी टीम ने संभाली।
बारात में झूमे विधायक-जिलाध्यक्ष
विवाह सम्मेलन में दूल्हों की बारात मानस भवन से निकाली गई। बारात में भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव, विधायक देवेंद्र जैन और प्रीतम लोधी शामिल हुए। उन्होंने बारात में जमकर डांस किया। बाद में कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। इस अवसर पर विधायक देवेंद्र जैन ने नवविवाहित कन्याओं को चांदी की पायल भेंट कर उनके पैर छुए, वहीं जनपद अध्यक्ष हेमलता रघुवीर रावत ने बर्तन उपहार में दिए। विधायक बोले- आज होती तो ऐसे ही करता शादी
इस दौरान पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी कहा-"ये दूल्हे बड़े भाग्यशाली हैं। मेरी शादी 55 साल पहले हो गई थी, अगर आज होती तो मैं भी इसी तरह शादी करता।"
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार में बेटियों की शादी शिव-पार्वती विवाह की तरह हो रही है और चारों ओर आनंद का माहौल है। सभी समाज के लोगों ने इस कार्यक्रम में उत्साह के साथ भाग लिया। दंपति को मिलती है 55 हजार की मदद
बता दें कि, मुख्यमंत्री कन्या विवाह निकाह योजना के तहत प्रदेश सरकार द्वारा हर दंपति के विवाह पर 55 हजार रुपए की मदद दी जाती है। जिसमें सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दिन वधु को 49 हजार की राशि चेक के माध्यम से दी जाती है। शेष 6 हजार रुपए की राशि विवाह सम्मेलन के आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए आयोजक संस्था को दी जाती है।
ब्यूरो रिपोर्ट ऋषि गोस्वामी शिवपुरी

 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper