37 वर्ष की सेवा, समर्पण और कर्तव्य निष्ठा को मिला सम्मान
जल संसाधन विभाग कटनी से सेवा निवृत हुए उपयंत्री श्री असाटी को दी गयी भाव-भीनी, आत्मीय बिदाई
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी । 37 साल तक जल संसाधन विभाग कटनी में उत्कृष्ट और समर्पण भाव से सेवाएं दे चुके उपयंत्री राजेश असाटी द्वारा अर्धवार्षिकी आयु 30 जून को पूर्ण करने पर सेवा निवृत्त हो जाने पर कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। इसके पूर्व श्री असाटी का शाल, श्री फल और पुष्पमाला द्वारा आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया गया। सहकर्मियों ने मनमोहक,हंसमुख और विनम्र व्यक्तित्व के धनी श्री असाटी के साथ बीते हुए लम्हों को बेहद खास ,यादगार और अविस्मरणीय बताया। कुछ ने उनकी कर्तव्य निष्ठा, परिश्रम और मिलनसारिता की सराहना की। सहयोगी अधिकारियों कर्मचारियों ने अपने उद्बोधन में श्री असाटी को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक गतिविधियों में भी अपना योगदान इसी तरह देते रहने को कहा। श्री असाटी ने अपने उद्बोधन में वरिष्ठ अधिकारियों के सहयोग,अपनापन स्नेह और मार्गदर्शन को अपनी अनमोल पूंजी बताया और कहा कि इसे वे अपने हृदय और मानस पटल में सदैव संजो कर रखेंगे। इस दौरान उन्होंने शासकीय सेवा के दौरान हुए प्रशासनिक खट्टे मीठे अनुभवों को बेबाकी से साझा किया। पैतृक रूप से दमोह निवासी श्री असाटी ने बताया कि उन्होंने सतना बाणसागर बहुउद्देशीय परियोजना, सिंचाई विभाग मे 1989 से 2009 तक बाँध व नहरों के निर्माण में भूमिका निभाई थी वहीं जल संसाधन विभाग कटनी में कार्यरत होते हुए 2009 से 2026 तक विकास खंड रीठी में जलाशयों और नहरों का निर्माण कार्य कराया। फलस्वरुप आसपास के कृषकों को फसलों की सिंचाई हेतु पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हुई। सेवा और समर्पण को जब आदर और सम्मान मिलता है तो महसूस होता है कि उन्होंने जो भी किया है उसका सकारात्मक प्रतिफल देखने को मिल रहा है। आयोजित कार्यक्रम में पारिवारिक परिजन भी मौजूद रहे। इस दौरान सर्व श्री ईई प्रलेश बम्हनीया, रीठी, बहोरीबंद के एसडीओ एस. के. रैदास, एल.एन. तिवारी, सूर्यवंशी, पराते, अनिल पांडेय, मुकेश पांडेय, महेंद्र तिवारी और आर.जी.पासी एवं अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों की मौजूदगी रही।

