15 अगस्त पर इन्दौर में 8,316 किलो सांची पेड़ा बिका
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इन्दौर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांची पेड़ा लोगों की पसंदीदा मिठाई बना रहा। इन्दौर सहकारी दुग्ध संघ द्वारा 15 अगस्त को कुल 8,316 किलोग्राम सांची पेड़ा का विक्रय किया गया। झंडावंदन कार्यक्रमों के दौरान मिठाई वितरण के लिए शासकीय, अर्द्धशासकीय, विद्यालयों एवं विभिन्न संस्थानों में सांची पेड़ा की विशेष मांग रही।
इन्दौर सहकारी दुग्ध संघ अपने उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण दूध एवं दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्तमान में संघ का प्रबंधन राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड, आणंद के सहयोग से किया जा रहा है। सांची ब्रांड के विभिन्न दुग्ध उत्पादों के साथ पेड़ा भी उपभोक्ताओं के बीच अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। इन्दौर सहकारी दुग्ध संघ सांची पेड़ा सहित विभिन्न दुग्ध उत्पादों का निर्माण एवं विपणन करता है।
इन्दौर सहकारी दुग्ध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विशाल कुमार मिश्रा ने कहा, “स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर सांची पेड़ा की बड़ी मात्रा में मांग यह दर्शाती है कि उपभोक्ताओं के बीच सांची ब्रांड के प्रति विश्वास लगातार मजबूत है। हमारा प्रयास है कि उपभोक्ताओं को स्वाद, गुणवत्ता और शुद्धता के मानकों पर खरे उतरने वाले दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराए जाएं। सांची पेड़ा का शासकीय एवं अशासकीय संस्थानों में मिठाई के रूप में पसंद किया जाना हमारे लिए उत्साहजनक है।”
सांची पेड़ा उपभोक्ताओं के लिए 2 नग, 250 ग्राम, 500 ग्राम और 1.5 किलोग्राम की पैकिंग में उपलब्ध है। स्वतंत्रता दिवस पर हुई बिक्री ने सांची पेड़ा की लोकप्रियता और उपभोक्ताओं के भरोसे को एक बार फिर रेखांकित किया है।

